Darlings Review: कमजोर कहानी में आलिया की अदाकारी ने फूंकी जान, पढ़ें फिल्म डॉर्लिंग्स का रिव्यू

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 5, 2022, 10:27 AM IST

Darlings Movie Review in Hindi: नेटफ्लिक्स पर आलिया भट्ट के अभिनय से सजी फिल्म डार्लिंग्स आज रिलीज हो गई है। जसमीत के रीन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शेफाली शाह , विजय वर्मा , रोशन मैथ्यू , राजेश शर्मा और विजय मौर्य लीड रोल में हैं।

Darlings Review: कमजोर कहानी में आलिया की अदाकारी ने फूंकी जान, पढ़ें फिल्म डॉर्लिंग्स का रिव्यू

Darlings Movie Review in Hindi: बॉलीवुड की क्यूट गर्ल कही जाने वाली आलिया भट्ट के लिए साल 2022 अविस्मरणीय है क्योंकि इसी साल वह शादी के बंधन में बंधी हैं और अदाकारी के बाद बतौर प्रोड्यूसर उन्होंने इसी साल डेब्यू किया है। नेटफ्लिक्स पर आलिया भट्ट के अभिनय से सजी फिल्म डार्लिंग्स आज रिलीज हो गई है। शाहरुख की कंपनी रेड चिलीज इसे प्रोड्यूस कर रही है। शाहरुख फिल्म में बतौर एक्टर नहीं बल्कि एक निर्माता के तौर पर इससे जुड़े हैं। आलिया भट्ट भी डार्लिंग्स की को-प्रोड्यूसर हैं।

जसमीत के रीन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शेफाली शाह , विजय वर्मा , रोशन मैथ्यू , राजेश शर्मा और विजय मौर्य लीड रोल में हैं। इस फिल्म के लिए शाहरुख खान और आलिया भट्ट साथ आए हैं। यह फिल्म वैसे तो सिनेमाघरों में रिलीज करने के मकसद से बनाई गई थी लेकिन परिस्थितियां अनुकूल ना देखते हुए मेकर्स ने इसे ओटीटी पर रिलीज करना बेहतर समझा।  

कैसी है कहानी 

फिल्म ‘डार्लिंग्स’ की कहानी मुंबई पर आधारित है। फिल्म में पुरानी मुंबई का एक मुस्लिम बहुल इलाका दिखाया है। एक लड़का है और एक उसकी प्रेमिका। दोनों शादी कर लेते हैं। शादी से पहले ही लड़का रेलवे में टिकट कलेक्टर हो जाता है। घर में वह शेर है और अपनी बीवी बनी प्रेमिका का उत्पीड़न करता है। वह इतने जोर के निशान उसके गले पर देता है कि मोहल्ले को पता चल जाता है। बीवी सब सहती रहती है। वहीं लड़का ऑफिस में उत्पीड़न सहता है। उसका बॉस उससे टॉयलेट साफ कराता है। लड़की की मां सामने वाले घर से सब देखती रहती है।

कहानी करवट लेती है और लड़की उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाती है। पहले पुलिस का सहारा और जब मदद नहीं मिलती तो कानून हाथ में ले लेकर बदला लेती है। इस बीच कहानी में एक आशिक की एंट्री होती है, साथ ही मां के अतीत से पर्दा उठता है। कुल मिलाकर एक पेचीदा कहानी है जो ना दर्शकों को पसंद आ सकती है और ना ही समीक्षकों को।

कैसी है अदाकारी 

अदाकारी के मामले में आलिया का कोई मुकाबला नहीं हैं। वह जिस किरदार को निभाती हैं, उसमें पूरी तरह उतर जाती हैं। इस फिल्म में भी उन्होंने बदरुन्निसा के किरदार को जिया है। शेफाली शाह का असल अभिनय देखने को मिलता है।  राजेश शर्मा ने कसाई का किरदार बेहतरीन तरीके से निभाया है। कलाकारों के अभिनय के मामले में यह फिल्म सोने जैसी खरी है लेकिन कहानी और निर्देशन के मामले में खोदा पहाड़ निकली चुहिया है।

End of Article