कल का मौसम कैसा रहेगा (4 नवंबर 2026) : दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में एक नये चक्रवाती तूफान मुरासु का असर है, जिससे भीषण आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटे 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट घोषित किया है। इस दौरान आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तट पर भारी बारिश जारी है। हालांकि, अगले 12 घंटे में तूफान कमजोर हो सकता है। इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और कर्नाटक में भी भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी है। आईएमडी ने पहाड़ों पर एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने की संभावना व्यक्त की है, जिसका प्रभाव जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले भागों पर रहेंगे, जिससे बारिश के साथ बर्फबारी रिकॉर्ड की जाएगी। इन मौसमी गतिविधियों के कारण तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी और लोगों को सर्दी का एहसास होगा। इधर, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और बिहार के हिस्सों पर मौसम साफ रहेगा। हालांकि, धुंध और ठंड महसूस की जाएगी
आंध्र प्रदेश में चक्रवाती तूफान ’मुरासु
आंध्र प्रदेश के तट पर गंभीर चक्रवाती तूफान ’मुरासु’ के टकराने के बाद ओडिशा के दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश हो रही है आईएमडी ने भारी बारिश और तेज हवाओं के पूर्वानुमान को देखते हुए राज्य सरकार ने दक्षिण क्षेत्र के पांच जिलों में 1.60 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है और आपदा प्रतिक्रिया टीम को तैनात किया है। चक्रवात ’अर्नब’ के बाद, गंभीर चक्रवाती तूफान ’मुरासु’ के कारण मंगलवार को आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में काफी नुकसान हुआ है, जहां हजारों पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए और मछुआरों की नौकाओं को नुकसान पहुंचा।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा है मौसम
दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ है और न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आसमान पर धुंध की मोटी चादर छाए रहने के कारण एक्यूआई 350 के आसपास पहुंच गया है जो ’बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के मुताबिक, जहांगीरपुरी में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही। यहां एक्यूआई 452 दर्ज किया गया, जो ’गंभीर’ श्रेणी में आता है। एक दिन पहले सोमवार को दिल्ली में इस मौसम का पहला ’बेहद खराब’ वायु गुणवत्ता वाला दिन दर्ज किया गया था। सोमवार को दिल्ली का एक्यूआई 324 था।
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह नौ बजे दिल्ली के 57 निगरानी केंद्रों में से आठ पर वायु गुणवत्ता ’गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि 32 केंद्रों पर यह ’बेहद खराब’ रही। दो केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ’मध्यम’ और शेष 15 केंद्रों पर ’खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। वहीं, जहांगीरपुरी में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही, जहां एक्यूआई 452 दर्ज किया गया, जो ’गंभीर’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ’अच्छा’, 51 से 100 को ’संतोषजनक’, 101 से 200 को ’मध्यम’, 201 से 300 को ’खराब’, 301 से 400 को ’बेहद खराब’ और 401 से 500 को ’गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
ओंगोल के पास तट से टकराया मुरासु
गंभीर चक्रवाती तूफान ’मुरासु’ आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में ओंगोल के पास तट से टकराया और भारी बारिश के बीच 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। चक्रवात सोमवार देर रात करीब एक बजे तट से टकराया। चक्रवात के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। आईएमडी ने बताया कि चक्रवात के ओंगोल के पास नेल्लोर और नरसापुर के बीच तट से टकराने के आसार हैं। मंगलवार सुबह तक तटीय क्षेत्रों और उनके आसपास 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा इसकी गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों के दौरान दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका जताई।
आईएमडी ने चेतावनी दी कि मंगलवार सुबह तक समुद्र में उठने वाली ऊंची लहरों के कारण दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के निचले इलाकों में पानी भर सकता है। समुद्र में उठने वाली ये लहरें सामान्य से 1 से 1.5 मीटर तक ऊंची हो सकती हैं। बापटला, कृष्णा और प्रकाशम जिलों के निचले इलाकों में इसका असर सबसे अधिक पड़ने की आशंका है।
