शहर

'बिना लड़े ही बनूंगा मुख्यमंत्री...' 2027 चुनाव को लेकर अखिलेश का ऐलान; किसके विधायक संपर्क में किसका कटेगा टिकट?

वाराणसी में अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि वह 2027 का यूपी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन फिर भी मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने ओपी राजभर, बीजेपी और धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधा। साथ ही सरकार बनने पर काशी में मेट्रो चलाने और वरुणा नदी का कायाकल्प करने का वादा किया।

Image

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (फोटो-Akhilesh Yadav)

वाराणसी : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बयानबाजी का दौर तेज है। मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने वाराणसी में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि वह इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे और बिना चुनाव लड़े ही मुख्यमंत्री बनेंगे। अखिलेश ने कहा, "शुभ और अशुभ का ध्यान रखते हैं। पिछली बार जब मुख्यमंत्री बना था, तब भी चुनाव नहीं लड़ा था। इस बार भी ऐसा ही होगा।

ओपी राजभर पर बोले- उनके विधायक मेरे संपर्क में

ओपी राजभर के सपा विधायकों के संपर्क में होने के दावे पर अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी का एक भी विधायक राजभर के संपर्क में नहीं है, बल्कि राजभर के विधायक उनके संपर्क में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजभर 50 सीटें पाने के लिए दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

काशी के कई मंत्रियों के टिकट कटेंगे-अखिलेश

अखिलेश ने दावा किया कि 2027 के चुनाव में काशी के कई मंत्रियों के टिकट कटेंगे। उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव के बाद करीब 200 लोगों की सीटें कटेंगी और सबसे ज्यादा टिकट मंत्रियों के कटेंगे।

काशी में मेट्रो चलाने और वरुणा नदी सुधारने का वादा

सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने पर वाराणसी में मेट्रो चलाई जाएगी। वरुणा नदी को साबरमती से बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने बीजेपी पर काशी की विरासत और हस्तकला को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। मणिकर्णिका घाट और दालमंडी में बुलडोजर कार्रवाई पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि दालमंडी में 187 और 500 से अधिक दुकानों पर बुलडोजर चलवाया गया। अगर काशी में मेट्रो होती तो दालमंडी को इस तरह तोड़ने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने हाईकोर्ट के स्टे का पालन नहीं होने का आरोप भी लगाया।

धीरेंद्र शास्त्री और चंपत राय पर भी निशाना

अखिलेश यादव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग की। उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से उनके आश्रम पर बुलडोजर चलाने की बात भी कही।

राम मंदिर चंदा चोरी पर क्या बोले अखिलेश

राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले पर उन्होंने चंपत राय का नाम लेते हुए कहा कि भले ही उन्हें क्लीन चिट मिल गई हो, लेकिन ऊपर वाला क्लीन चिट कब देगा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि मंदिर का चढ़ावा चोरी हुआ और कर्मचारियों को जेल भेजना पड़ा।

अखिलेश ने कहा कि काशी में किसानों को जमीन के बदले उचित मुआवजा नहीं मिला है और सर्किल रेट भी नहीं बढ़ रहे। उन्होंने बनारस के बुनकरों की खराब स्थिति के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। बीजेपी की पदयात्रा पर तंज कसते हुए उसे अराजकता की पदयात्रा बताया। साथ ही दावा किया कि यूपी में 26 हजार स्कूल बंद हो गए हैं।

End of Article