Urvashi is not a part of Kantara 2: साउथ सिनेमा की स्लीपर हिट कांतारा ने न केवल देश बल्कि विदेशों में भी अच्छा कारोबार किया। ऋषभ शेट्टी की कांतारा दर्शकों को इतनी पसंद आई कि यह कन्नड़ भाषा में केजीएफ 2 से भी ज्यादा सफल साबित हुई। फिल्म कांतारा को दर्शकों ने इतना प्यार दिया कि बड़े-बड़े अभिनेताओं की नींद उड़ गई और उनकी मेगा बजट फिल्में बॉक्स ऑफिस पर पानी मांगती दिखाई दीं। कांतारा के सुपरहिट होने के बाद अब ऋषभ शेट्टी कांतारा 2 पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कांतारा 2 के लिए रिसर्च वर्क लगभग पूरा कर लिया है और जल्द ही वो इसकी शूटिंग शुरू कर देंगे। बताया जा रहा है कि रिसर्च वर्क के साथ-साथ ऋषभ शेट्टी इसके लिए स्टारकास्ट भी फाइनल कर रहे हैं।
बीते दिन बॉलीवुड अदाकारा उर्वशी रौतेला ने इंटरनेट पर एक तस्वीर शेयर की थी, जिसमें वो ऋषभ शेट्टी के साथ दिखाई दे रही थीं। इस तस्वीर को देख लोगों को लगा कि उर्वशी रौतेला ने कांतारा 2 के लिए ऋषभ शेट्टी संग हाथ मिलाया है। उर्वशी रौतेला ने पोस्ट के साथ ऐसा कमेंट भी लिखा था कि सबको लगा कि कांतारा 2 के लिए उर्वशी रौतेला फाइनल हो गई हैं। हालांकि यह सच्चाई नहीं है। उर्वशी-ऋषभ शेट्टी की तस्वीर देखकर लोगों को जो कुछ भी लग रहा है, सच्चाई उससे कहीं ज्यादा दूर है।
कांतारा 2 बनाने के लिए तैयार प्रोडक्शन हाउस ने एक मीडिया को बताया है कि उर्वशी रौतेला उनकी मूवी में नहीं हैं। प्रोडक्शन हाउस के अनुसार, 'कांतारा 2 के साथ उर्वशी रौतेला का नाम जुड़ रहा है, जो बेबुनियाद है। ऋषभ शेट्टी और उर्वशी एक ही जगह पर थे, जहां दोनों ने एक तस्वीर खिंचवा ली। उर्वशी ने उस तस्वीर को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद लोगों को लगने लगा कि वो कांतारा 2 का हिस्सा हैं। हालांकि ये सच्चाई नहीं है, उर्वशी रौतेला कांतारा 2 में नहीं हैं।'
