Zarine Khan Prayer Meet: बॉलीवुड सुपरस्टार ऋतिक रोशन की एक्स वाइफ सुजैन खान की मां जरीन खान का 81 साल की उम्र में 7 नवंबर को निधन हो गया। जरीन खान की मौत की खबर ने सबको हिलाकर रख दिया। सुजैन खान ने हाल ही में मुंबई में आयोजित अपनी मां जरीन खान की प्रार्थना सभा का एक वीडियो शेयर किया है, जो कि इंटरनेट पर धड़ल्ले से वायरल हो रहा है। इस क्लिप में परिवार के सभी सदस्य और बाकी स्टार्स नजर आ रहे हैं। इस क्लिप को देखकर सभी लोग भावुक हो गए हैं। आइए नजर डालते है इस क्लिप पर...
जरीन खान की प्रेयर मीट में शामिल हुए ये सितारे
जरीन खान की प्रार्थना सभा में बॉलीवुड के तमाम सितारे नजर आए। इस दौरान का वीडियो इंटरनेट पर छा गया है। सुजैन खान ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट को अपडेट करते हुए एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें सब जरीन खान को श्रद्धांजलि देते दिखाई दे रहे हैं। इस क्लिप में ऋतिक रोशन अपनी एक्स सास के लिए स्पीच देते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा, 'यह मेरा सौभाग्य रहा है कि मुझे आपसे प्यार मिला।' जायद खान ने अपनी मां को याद करते हुए कहा, 'मेरी मां मेरी भगवान थीं। मुझे उनकी बहुत याद आएगी।' तमाम धर्मों के धर्मगुरु जरीन के लिए दुआएं करते दिखे। सुजैन खान मेहमानों के बीच बैठीं, मां को याद कर रोने लगीं। सुजैन को ऐसे देख फैंस भावुक हो गए हैं। सुजैन के इस क्लिप पर लोग जमकर रिएक्ट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'भगवान जरीन जी की आत्मा को शांति दें।'
जरीन खान ने इन फिल्मों में मचाया था धमाल
बताते चलें कि एक्ट्रेस जरीन खान की मौत से बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी थी। रिपोर्ट्स की मानें तो काफी समय से वो बीमार चल रही थी। 81 साल की उम्र में जरीन खान ने आखिरी सांस ली।जरीन खान ने अपने करियर की शुरुआत बॉलीवुड फिल्मों से की थी और वे तेरे घर के सामने और एक फूल दो माली जैसी क्लासिक फिल्मों में नजर आई थी। उनकी अदाकारी को लोग काफी पसंद करते थे।
