बॉलीवुड

Tiger Shroff फायरिंग केस में पुलिस को मिली पांच आरोपियों की कस्टडी, फूल सिंह की उम्र की होगी जांच

Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। अब इस केस में कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है।

Image

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 5 आरोपियों को 16 नवंबर तक पुलिस कस्टडी, शूटर फूल सिंह की उम्र पर भी उठे सवाल (Image Source: Tiger Shroff Instagram)

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड एक्टर और जैकी श्रॉफ (Jackie Shroff) के बेटे टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) के घर के बाहर हुई फायरिंग का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस घटना के बाद से ही पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ने और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। जांच के दौरान कई आरोपियों के नाम सामने आए हैं और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। अब इस मामले में मुंबई की अदालत में सुनवाई हुई, जहां अभियोजन पक्ष ने आरोपियों से आगे पूछताछ की जरूरत बताई। कोर्ट में पुलिस ने जांच से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां भी शेयर कीं। इनमें एक आरोपी की उम्र को लेकर किया गया दावा भी शामिल है, जिसकी सच्चाई पता लगाने के लिए पुलिस ने अलग से कदम उठाया है।

पांच आरोपियों को 16 नवंबर तक पुलिस कस्टडी

मुंबई की स्पेशल MCOCA हॉलिडे कोर्ट ने टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में पांच आरोपियों को 16 नवंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। इन आरोपियों के नाम शूटर फूल सिंह, रेहान, कुणाल, सुमित और अंकित हैं। पुलिस अब इन पांचों से मामले को लेकर आगे पूछताछ करेगी। इस केस में कुल 13 आरोपी हैं। इनमें से सात आरोपियों को पहले ही न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। वहीं, 13वीं आरोपी सुनेहा पंडित 16 नवंबर तक पुलिस कस्टडी में है।

पुलिस को क्यों चाहिए थी सात दिन की और कस्टडी?

सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने पांचों आरोपियों की पुलिस कस्टडी सात दिन और बढ़ाने की मांग की थी। इसके लिए दलील दी गई कि आरोपियों का सुनेहा पंडित के साथ आमना-सामना कराना जरूरी है। पुलिस इस प्रक्रिया के जरिए मामले से जुड़ी कड़ियों को जोड़ना चाहती है और सभी आरोपियों की भूमिका को लेकर पूछताछ करना चाहती है। हालांकि, कोर्ट ने पांचों आरोपियों को 16 नवंबर तक ही पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया। इसके साथ ही अदालत ने उन्हें अपने माता-पिता से फोन पर बात करने की अनुमति भी दी। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि आरोपियों की अपने माता-पिता से होने वाली फोन कॉल रिकॉर्ड नहीं की जाएंगी।

फूल सिंह की उम्र की जांच के लिए हरियाणा गई पुलिस

इस सुनवाई के दौरान पुलिस ने कोर्ट को बताया कि शूटर फूल सिंह के नाबालिग होने के दावे की जांच की जा रही है। उसकी उम्र की पुष्टि करने के लिए पुलिस की एक टीम हरियाणा भेजी गई है। टीम वहां जरूरी दस्तावेजों और अन्य जानकारियों के आधार पर उसकी उम्र का सत्यापन करेगी। पुलिस ने अदालत को बताया कि उम्र की जांच से जुड़ी रिपोर्ट 18 नवंबर को कोर्ट में जमा की जाएगी। इसके बाद ही फूल सिंह की उम्र को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article