Kartik Aaryan Bags Karan Johar Film Again: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर कार्तिक आर्यन ने अपनी फिल्मों से बड़े पर्दे पर धूम मचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। कार्तिक आर्यन के हाथ में ऐसी कई फिल्में इस वक्त मौजूद हैं, जो सिनेमाघर में धूम मचाने के लिए तैयार हैं। कार्तिक आर्यन के हाथ में इस वक्त धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म 'तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी' है और उनकी ये मूवी 25 दिसंबर को बड़े पर्दे पर दस्तक देगी। लेकिन खास बात तो यह है कि इसकी रिलीज से पहले ही कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) के हाथ मेंकरण जौहर की एक और फिल्म लगी है। इस मूवी की शूटिंग अगले साल यानी साल 2026 तक शुरू हो सकती है।
कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) और करण जौहर से जुड़ी इस बात का खुलासा उनसे जुड़े सूत्रों ने किया है। सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा से इस सिलसिले में कहा, "कार्तिक आर्यन ने पहले ही करण जौहर को अगली फिल्म के लिए हरी झंडी दिखा दी है। हालांकि फिल्म से जुड़ी जानकारियां अभी सामने नहीं आई हैं। धर्मा में उनकी पॉजिशन अब बैनर के नए पोस्टर बॉय वाली हो चुकी है, जो बहुत तेजी से आगे आकर बड़े प्रोजेक्ट्स पर धाक जमा रहे हैं। करण को काफी हद तक ये यकीन हो गया है कि कार्तिक आर्यन उनके लिए देश में सबसे ज्यादा बैंकेबल हीरो हैं, और 'तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी' व 'नागजिला' से भी उनकी काफी उम्मीदें हैं।"
बता दें कि कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) और करण जौहर की ये तीसरी मूवी होने वाली है, जो भारतीय सिनेमा में अपना नाम दर्ज करेगी। इस बारे में सूत्र ने आगे कहा, "ये दोनों के लिए ही महत्वकांक्षी मूवी होने वाली है, जिसकी शूटिंग 2026 में शुरू होगी 'नागजिला' की रिलीज के बाद।" बता दें कि इस सिलसिले में अभी मेकर्स की ओर से आधिकारिक बयान आना बाकी है। कार्तिक आर्यन के करियर की बात करें तो आखिरी बार उन्हें 'भूल भुलैया 3' में देखा गया था, जिसमें उन्होंने तृप्ति डिमरी, विद्या बालन और माधुरी दीक्षित के साथ मुख्य भूमिका अदा की थी।
