Amitabh Bachchan Visits Dharmendra At His Home: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर धर्मेंद्र बीते कई दिनों से अपनी सेहत के कारण सुर्खियों में बने हुए हैं। धर्मेंद्र बीते कई दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनका इलाज जारी था। लेकिन आज ही धर्मेंद्र अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं और अपने घर लौट आए हैं। धर्मेंद्र के घर वापिस आने के बाद उनके फैंस ने भी राहत की सांस ली। उनके घर के बाहर अभी भी फैंस का तांता लगा हुआ है। फैंस के बीच ही धर्मेंद्र के घर अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) भी स्पॉट हुए हैं। अमिताभ बच्चन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुद कार ड्राइव करते हुए नजर आए।
बिग बी अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) का ये वीडियो देखते ही देखते सुर्खियों में आ गया। धर्मेंद्र (Dharmendra) के घर के पास अमिताभ बच्चन को देख पैपराजी और फैंस भी उनकी कार के आगे-पीछे नजर आए। लेकिन अमिताभ बच्चन उस भीड़ में से ध्यानपूर्वक अपना रास्ता बनाते नजर आए। हालांकि ये अभी कहना मुश्किल है कि अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र की मुलाकात हुई या नहीं। बता दें कि धर्मेंद्र और अमिताभ बच्चन एक-दूजे के काफी अच्छे दोस्त हैं। दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम भी किया है, जिसमें 'शोले' से लेकर 'राम बलराम' और 'नसीब' जैसी मूवीज शामिल हैं।
बीते दिन उड़ी थी धर्मेंद्र के निधन की अफवाह
बता दें कि बीते दिन धर्मेंद्र के निधन की अफवाह तक उड़ गई थी। इसपर नाराजगी जाहिर करते हुए हेमा मालिनी ने पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने कई मीडिया चैनल्स को भी फटकार लगाई। हेमा मालिनी ने लिखा कि ये जो भी हो रहा है, माफी के लायक बिल्कुल भी नहीं है। मीडिया चैनल्स किसी ऐसे शख्स के बारे में ये न्यूज कैसे चला सकते हैं, जबकि वह धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। ये बहुत ही अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना हरकत है। हेमा मालिनी के साथ-साथ ईशा देओल ने भी इस अफवाह के लिए लोगों को खूब फटकारा था।
