लीना मणिमेकलाई के खिलाफ दर्ज हुई शिकायत, फिल्म मेकर पर लगा धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 4, 2022, 04:47 PM IST

Complaint Filed Against Leena Manimekalai: लीना मणिमेकलाई की फिल्म काली के पोस्टर से सोशल मीडिया पर बवाल खड़ा हो गया है। डॉक्यूमेंट्री पोस्टर देखने के बाद लोग फिल्म मेकर को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। अब यह खबर आई है कि लीना मणिमेकलाई के खिलाफ शिकायत दर्ज हो गई है।

लीना मणिमेकलाई के खिलाफ दर्ज हुई शिकायत, फिल्म मेकर पर लगा धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
Photo Credit: Twitter

Complaint Filed Against Film Kaali Maker Leena Manimekalai: भारतीय फिल्म मेकर लीना मणिमेकलाई ने 2 जुलाई को अपनी फिल्म काली का डॉक्यूमेंट्री पोस्टर जारी किया था जिसे देखने के बाद लोग फिल्म मेकर को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। जैसे ही लीना मणिमेकलाई ने यह विवादित डॉक्यूमेंट्री पोस्टर जारी किया था वैसे ही सोशल मीडिया पर लोग उन्हें ट्रोल कर रहे थे और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। विवादित पोस्टर की वजह से खड़े हुए बवाल के बाद अब लीना मणिमेकलाई के खिलाफ पुलिस कंप्लेंट दर्ज की गई है। उन पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया गया है। 

दिल्ली के एक वकील ने लीना मणिमेकलाई के विवादास्पद पोस्टर को लेकर शिकायत दर्ज की है जो फिल्म मेकर ने 2 जुलाई को शेयर की थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, वकील ने इस आपत्तिजनक फोटो को बैन करने की और डॉक्यूमेंट्री से इस क्लिप को हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि, यह पोस्टर जिसमें एक महिला देवी काली के वेश में सिगरेट पीती हुए दिखाई गई है, यह हिंदू समुदाय की भावनाओं और विश्वासों को आहत कर रहा है। दिल्ली पुलिस के साइबर सेल में शिकायत दर्ज करवाई गई है जिसमें यह लिखा गया है 'यह एक सोची-समझी और दुर्भाग्यपूर्ण कार्य है, जिसका उद्देश्य हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आपत्तिजनक वीडियो और फोटो के जरिए आहत करना है, जिसे आरोपी ने अपने ट्विटर एकाउंट के जरिए शेयर किया था और जो सोशल मीडिया और पब्लिक प्लेटफार्म पर खूब प्रसारित हुआ था।'

इसके आगे शिकायत में यह लिखा गया है की 'यह 295ए, 298, 505, 67 आईटी अधिनियम और 34 आईपीसी के तहत अपराध है और आरोपी के खिलाफ दंडात्मक कार्यवाही की जानी चाहिए।' इस बवाल के बीच बीबीसी तमिल से बात करते हुए लीना ने यह कहा कि 'मेरे पास खोने के लिए कुछ भी नहीं है। मैं एक ऐसी आवाज के साथ रहना चाहती हूं जो बिना किसी डर के बोले जब तक वह है। अगर इसकी कीमत मेरी जान है तो मैं दे दूंगी।'

End of Article