देश

कांग्रेस में बड़े संगठनात्मक बदलाव के संकेत, पंजाब के बाद यूपी में भी नेतृत्व परिवर्तन पर मंथन

कांग्रेस नेतृत्व पंजाब और उत्तर प्रदेश में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर सक्रिय है। अगले एक-दो दिनों में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के बीच इस पर अंतिम चर्चा संभव है।

Image

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी

कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर पंजाब और उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक बदलाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। पार्टी नेतृत्व दोनों राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों को लेकर जल्द अहम फैसला ले सकता है। माना जा रहा है कि अगले एक-दो दिनों में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बीच इस मुद्दे पर निर्णायक चर्चा हो सकती है।

उत्तर प्रदेश में भी बदला जाएगा संगठन

उत्तर प्रदेश को लेकर कांग्रेस के भीतर संगठन में बदलाव की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को राहुल गांधी से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, संगठन की गतिविधियों और आगे की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

अजय राय को राहुल गांधी की पसंद के तौर पर यूपी कांग्रेस की कमान सौंपी गई थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में अजय राय ने वाराणसी सीट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। राहुल गांधी कई मौकों पर उनके इस चुनावी मुकाबले का जिक्र भी कर चुके हैं।

हालांकि, विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अब उत्तर प्रदेश में संगठन को नए सिरे से तैयार करने और अलग-अलग सामाजिक समूहों को साधने की रणनीति पर विचार कर रही है। पार्टी के भीतर जातीय और सामाजिक समीकरण को ध्यान में रखते हुए प्रदेश संगठन में फेरबदल की संभावना पर चर्चा हो रही है।

इसी बीच यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के बीच समन्वय को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में अब नजर इस बात पर है कि कांग्रेस नेतृत्व अजय राय को ही प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी जारी रखता है या संगठन में नए चेहरे को मौका देता है।

पंजाब में भी प्रदेश नेतृत्व में बदलाव

पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग को पद छोड़ने के लिए कहे जाने की चर्चा के बीच सूत्रों का दावा है कि उन्हें नेतृत्व परिवर्तन की जानकारी दे दी गई है।

राजा वडिंग के दिल्ली आने और राहुल गांधी से मुलाकात करने की संभावना है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के बाद पंजाब कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है।

इस तरह पंजाब के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी संगठनात्मक फेरबदल की चर्चाओं ने कांग्रेस के भीतर गतिविधियां बढ़ा दी हैं। दोनों राज्यों में विधानसभा चुनावों को देखते हुए प्रदेश संगठन और नेतृत्व को लेकर लिए जाने वाले फैसले पार्टी की आगामी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण होंगे।

Ranjeeta Jha
रंजीता झाauthor

13 साल के राजनीतिक पत्रकारिता के अनुभव में मैंने राज्य की राजधानियों से लेकर देश की राजधानी तक सियासी हलचल को करीब से देखा है। प्लांट की गई बातें ख़बरें नहीं होती बल्कि बातों के पीछे छुपी सच्चाई असली ख़बर होती है। खबरें वही जो आपके सरोकार की हो वो आपतक लेकर आऊंगी।

और पढ़ें
End of Article