मधुबाला की जिंदगी पर उनकी बहन मधुर बृज भूषण बनाने जा रही हैं फिल्म, जानें कब शुरू होगी शूटिंग

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 19, 2022, 09:22 AM IST

Biopic On Madhubala: गुजरे जमाने की खूबसूरत और चर्चित अदाकारा मधुबाला पर बायोपिक बनेगी, जिसे उनकी छोटी बहन मधुर बृज भूषण बनाएंगी। मालूम हो कि 36 साल की उम्र में ही मधुबाला का निधन हो गया था।

मधुबाला की जिंदगी पर उनकी बहन मधुर बृज भूषण बनाने जा रही हैं फिल्म, जानें कब शुरू होगी शूटिंग

बॉलीवुड की सबसे मशहूर, चर्चित और पसंदीदा एक्ट्रेसेस में शामिल रही मधुबाला भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन आज भी उनके लाखों चाहने वाले हैं। फैंस मधुबाला की जिंदगी के बारे में जानना चाहते हैं। बीते कई दिनों से उनकी बायोपिक को लेकर खबरें सामने आ रही थीं, लेकिन इसे लेकर कोई पुष्टि नहीं की गई थी। 

बहन प्रोड्यूस करेगी फिल्म

अब तमाम खबरों और कयासों के बाद गुजरे जमाने की दिग्गज अभिनेत्री मधुबाला की बायोपिक बनने जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मधुबाला की सबसे छोटी बहन मधुर बृज भूषण शक्तिमान के निर्माताओं के साथ मिलकर इस प्रोजेक्ट को प्रोड्यूस करेंगी। रिपोर्ट्स की मानें तो मेकर्स इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेस से फिल्म के लिए बात चल रही है तो वहीं एक नामी फिल्ममेकर से भी फिल्म के लिए चर्चा हो रही है। फिल्म की शूटिंग अगले साल यानी साल 2023 में शुरू होगी।  

जिंदगी के किस हिस्से पर बनेगी फिल्म?

पिंकविला के अनुसार, बहुत से एक्टर्स और फिल्ममेकर्स मधुबाला की बायोपिक में रुचि रखते हैं, लेकिन मेकर्स फिल्म के लिए एक्टर्स और क्रू मेंबर्स को शॉर्टलिस्ट करने की जल्दी में नहीं है। कहा तो यह भी जा रहा है कि फिल्म में उनकी जिंदगी के किस हिस्से को दिखाया जाएगा, इसके संदर्भ में कंटेंट अभी तय होना बाकी है। सूत्र ने पोर्टल को बताया कि एक बार डायरेक्टर, राइटर और स्टूडियो के लॉक हो जाने के बाद ही स्क्रिप्ट और कंटेंट को फाइनल किया जाएगा।

लंबे समय से बनाना चाहती हैं फिल्म

मधुर बृज भूषण ने अपनी दिवंगत बहन मधुबाला के बारे में बात करते हुए कहा कि यह उनकी प्यारी बहन के लिए कुछ करने का उनका लंबे समय से सपना रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी बहन की जिंदगी बहुत छोटी थी लेकिन बहुत खास थी। उन्होंने कहा कि इस सपने को साकार करने के लिए उनकी सभी बहनों ने हाथ मिलाया है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि ये बायोपिक बड़े दर्जे पर सफल साबित होगी। उन्होंने फिल्म उद्योग के भीतर और बाहर सभी से अनुरोध किया कि उनकी अनुमति के बिना उनकी बहन के जीवन पर आधारित बायोपिक ना बनाएं।

एक्टिंग करियर

मधुबाला के एक्टिंग करियर के बारे में बात करें तो उन्होंने साल 1942 में फिल्म बसंत से चाइल्ड एक्टर के तौर पर एक्टिंग डेब्यू किया था। उन्हें बॉलीवुड की वीनस क्वीन के तौर पर भी जाना जाता है। उनकी सबसे मशहूर फिल्मों की लिस्ट में मुगल-ए-आजम, मिस्टर एंड मिसेज 55, चलती का नाम गाड़ी, हाफ टिकट, हावड़ा ब्रिज, काला पानी और बरसात की रात जैसी फिल्में शामिल हैं। 

End of Article