कार्तिक आर्यन की मां को हुआ था ब्रेस्ट कैंसर, एक्टर ने बताया परिवार के लिए कितना मुश्किल था समय

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 25, 2022, 07:11 AM IST

Kartik Aaryan on Cancer: एक्टर कार्तिक आर्यन ने हाल ही में यह खुलासा किया कि उनकी मां कैंसर पीड़ित रह चुकी हैं और उन्होंने इसे मात दी। कार्तिक ने कहा कि यह समय हमारे लिए बहुत इमोशनल था।

कार्तिक आर्यन की मां को हुआ था ब्रेस्ट कैंसर, एक्टर ने बताया परिवार के लिए कितना मुश्किल था समय

बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बना चुके हैं और आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। वो अक्सर अपने सोशल मीडिया पोस्ट के लिए चर्चा में रहते हैं और अब एक बार फिर खबरों में हैं। दरअसल हाल ही में कार्तिक ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस को यह जानकारी दी कि उनकी मां को कैंसर हुआ था, जिसे वो अब मात दे चुकी हैं। 

कार्तिक बोले- आप पर गर्व है मां

दरअसल हाल ही में कार्तिक आर्यन ने मुंबई के नानावती अस्पताल में कैंसर रोकथाम जागरुकता अभियान 'निडर हमेशा' में भाग लिया, जहां उनकी मां माला तिवारी भी उनके साथ थीं। इस दौरान कार्तिक ने बताया कि चार साल पहले उनकी मां को ब्रेस्ट कैंसर का पता चला था। इस मुश्किल समय के बारे में बात करते हुए कार्तिक इमोशनल हो गए और कहा कि यह उनके परिवार के लिए इमोशनल समय था। उन्होंने कहा, 'हम सभी के लिए यह बहुत इमोशनल समय था, लेकिन मुझे अपनी मां पर गर्व है कि उन्होंने इस बीमारी पर जीत हासिल कर ली।' 

कार्तिक ने शेयर किया ये वीडियो

कार्तिक ने इस इवेंट का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया जिसमें उनकी मां कैंसर को मात दे चुके अन्य सर्वाइवर्स के साथ स्टेज पर कार्तिक की फिल्म सोनू के टीटू की स्वीटी के गाने 'तेरा यार हूं' पर डांस करती नजर आ रही हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए कार्तिक ने लिखा, 'इस गाने की शूटिंग के दौरान कीमोथेरेपी सेशन के लिए जाने से लेकर स्टेज पर इस गाने पर डांस करने तक की यात्रा कठिन रही है। लेकिन उनकी सकारात्मकता, दृढ़ता और निडरता ने हमें आगे बढ़ाया। आज मैं गर्व से कह सकता हूं कि मेरी मां ने कैंसर के खिलाफ लड़ाई लड़ी और जीतीं। और इसी वजह से हम सब मजबूत हैं। मुझे आप पर बहुत गर्व है मां। उन सभी लोगों को मेरा सम्मान जो ये जंग नहीं जीत सके और उन सभी लोगों को जिन्होंने इस बीमारी से लड़ने की हिम्मत दिखाई।'

सेलेब्स ने किया रिएक्ट

वरुण ने जैसे ही सोशल मीडिया पर ये वीडियो शेयर किया फैंस और सेलेब्स ने इसपर कमेंट करना शुरू कर दिया। एक्टर वरुण धवन, फराह खान, वरुण शर्मा और मिलाप जावेरी समेत तमाम सेलेब्स ने इस पोस्ट पर कमेंट किया। वहीं अन्य कई लोगों ने इस पोस्ट पर कमेंट कर उनकी मां की अच्छी सेहत की कामना की। 

वर्कफ्रंट

वर्कफ्रंट की बात करें तो कार्तिक आर्यन की कई फिल्में रिलीज के लिए तैयार हैं जिसमें शहजादा, फ्रेडी, भूल भुलैया 2 और कैप्टन इंडिया जैसी फिल्में शामिल हैं। 

End of Article