बॉलीवुड

'लोकतंत्र के कारण ही आप बोल पा रहे हैं'- Naseeruddin Shah के 'दिमागी नक्सल' बयान पर भड़के Annu Kapoor

  • Authored by: अभय
  • Updated Oct 31, 2026, 08:38 PM IST

Annu Kapoor on Naseeruddin Shah Controversy: नसीरुद्दीन शाह के 'दिमागी नक्सल' वाले बयान पर अब अन्नू कपूर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने विरोध, हिंसा और देश के हित को लेकर अपनी बात रखी।

Image

'देश के हित का सम्मान जरूरी', नसीरुद्दीन शाह के बयान पर अन्नू कपूर ने दी प्रतिक्रिया (Image Source: IMDb/ Instagram)

Annu Kapoor on Naseeruddin Shah Controversy: बॉलीवुड के जाने-माने स्टार नसीरुद्दीन शाह (Naseeruddin Shah) अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। जामिया मिल्लिया इस्लामिया के छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए उन्होंने खुद को 'दिमागी नक्सल' बताया था। उनके इस वीडियो के सामने आने के बाद अब फिल्म इंडस्ट्री से भी रिएक्शन सामने आने लगे हैं। एक के बाद एक स्टार नसीरुद्दीन शाह के बयान की आलोचना करते नजर आए। अब इन सब के बीच अन्नू कपूर (Annu Kapoor) ने नसीरुद्दीन शाह की टिप्पणी पर अपनी बात रखी है। उन्होंने प्रदर्शन और विरोध के अधिकार के साथ-साथ हिंसा और देश के हित से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी राय जाहिर की।

नसीरुद्दीन शाह के बयान पर क्या बोले अन्नू कपूर?

नसीरुद्दीन शाह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अन्नू कपूर ने कहा कि 'तो उम्मीद रखते हैं कि पुलिस वालों के ऊपर पत्थर बरसाएं और पुलिस वाले कुछ नहीं करें।' उन्होंने आगे कहा कि नसीरुद्दीन शाह अच्छे डायलॉग बोलते होंगे, इसलिए उन्हें इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। अन्नू कपूर ने देश के संदर्भ में उनके विचारों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'देश के संदर्भ में, देश के हित में, देश के कल्याणकारी कितने विचार उनके मस्तिष्क में या उनके हृदय में हैं या नहीं हैं, मुझे तो ऐसे लोगों के बारे में संशय है, जो इस तरह के बयान देते हैं।'

'लोकतंत्र के कारण ही आप बोल पा रहे हैं'

अन्नू कपूर ने आगे कहा कि ये देश का सौभाग्य है कि यहां लोकतंत्र है। भले ही भारतीय लोकतंत्र अभी शुरुआती अवस्था में हो, लेकिन इसकी वजह से ही लोग अपनी बात रख पा रहे हैं। उन्होंने कहा, 'सौभाग्य है हमारा कि हमारा देश ठीक है। शैशवावस्था में है लोकतंत्र की, लेकिन लोकतंत्र है। इस लोकतंत्र के कारण ही आप बोल पा रहे हैं कि दिमागी नक्सल हैं और आप ये प्रदर्शन कर रहे हैं। और जो प्रदर्शन अब विरोध नहीं विद्रोह और अराजकता की तरफ आ रहा है तो उससे निपटने के लिए कोई भी सरकार होती है उसको निपटना चाहिए। और ये सरकार नरेंद्र मोदी की सरकार है। ये आतुरता के अंदर आपसे कुछ नहीं निकलेगा। ना आपका जो भी विचार है।'

विरोध और विचारों का सम्मान लेकिन...

अन्नू कपूर ने अपने बयान में आगे कहा कि किसी के विचारों का सम्मान किया जाना चाहिए, बशर्ते वे भारत के हित, सुरक्षा और कल्याण का सम्मान करते हों। उन्होंने कहा, 'आपके जो भी इस तरह के सो कॉल्ड रिवॉल्यूशनरी थॉट्स हैं, उनका पूरा सम्मान किया जाएगा। जब तक कि आप भारत के हित, सुरक्षा और कल्याण का सम्मान करते हैं। जब तक आपके हृदय में मां भारती के लिए आदर है, आपके विचारों का सम्मान किया जाएगा। आपके विरोध का भी सम्मान किया जाएगा। परंतु जब ये विरोध अराजकता और हिंसा की तरफ बढ़ जाएगा, तो फिर मैं याद दिलाना चाहूंगा कि कुरुक्षेत्र की रणभूमि में कहा था। शिशुपाल के सामने भी कहा गया था। भारत की रणनीति तो वैसी ही होनी चाहिए।' उन्होंने यह भी कहा कि वो राजनीति से जुड़े व्यक्ति नहीं हैं, लेकिन जुल्म और अत्याचार सहने की भी एक सीमा होती है। अन्नू कपूर ने विरोधी पार्टियों से सही रास्ते पर आगे बढ़ने और देश के हित, सुरक्षा और कल्याण के लिए काम करने की अपील की।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article