Hylo Open Final 2026: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता भारत की पीवी सिंधू ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शनिवार को हाइलो ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल सेमीफाइनल में हमवतन अनमोल खरब को सीधे गेम में हराकर लगातार दूसरे सप्ताह फाइनल में प्रवेश किया। पिछले सप्ताह फ्रेंच ओपन में उपविजेता रही सिंधू ने विश्व रैंकिंग में 53वें स्थान पर काबिज अनमोल को 32 मिनट तक चले एकतरफा मुकाबले में 21-13, 21-16 से शिकस्त दी।
सिंधू के सामने फाइनल में डेनमार्क की लाइन होयमार्क क्येरफेल्ट की चुनौती होगी। क्येरफेल्ट ने एक घंटे 22 मिनट तक चले अन्य सेमीफाइनल में थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग को 8-21, 21-19, 28-26 से हराया।
उन्नीस वर्षीय अनमोल अपने करियर में दूसरी बार सुपर 500 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची थीं। इससे पहले उन्होंने पिछले साल आर्कटिक ओपन के अंतिम चार में जगह बनाई थी। दोनों भारतीय खिलाड़ियों के बीच इससे पहले 2024 में सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल में मुकाबला हुआ था जिसमें सिंधू ने सीधे गेम में जीत दर्ज की थी। सिंधू के आक्रामक खेल, नेट पर सटीक शॉट और विविधतापूर्ण स्ट्रोक के सामने अनमोल की एक नहीं चली। 2024 एशिया टीम चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य अनमोल अपनी अनुभवी प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाने में नाकाम रहीं।
पहले गेम में सिंधू को अनमोल के लंबे शॉट को परखने में थोड़ी परेशानी हुई और कुछ अंक गंवाने के कारण युवा खिलाड़ी ने शुरुआती बढ़त बनाते हुए स्कोर 4-2 कर लिया। अनमोल ने एक शानदार क्रॉस-कोर्ट ड्रॉप शॉट भी लगाया, लेकिन वह अपनी अनुभवी प्रतिद्वंद्वी पर लगातार दबाव बनाने में सफल नहीं रहीं। सिंधू ने आक्रामक खेल और नेट पर सटीक शॉट के दम पर जल्द ही वापसी की। 31 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने अपने अनुभव और स्ट्रोक की विविधता का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी।
वह पहले गेम के मध्यांतर तक 11-9 से आगे थीं। सिंधू ने इसके बाद लगातार अंक जुटाते हुए सात गेम प्वाइंट हासिल किए और अनमोल के रिटर्न बाहर मारने पर पहला गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में छोर बदलने के बाद अनमोल ने एक बार फिर 4-2 की बढ़त बनाई, लेकिन सिंधू ने लगातार दो अच्छे शॉट लगाकर स्कोर अपने पक्ष में कर लिया।
अनमोल ने नेट पर शानदार ड्रिबल शॉट लगाकर स्कोर 8-8 किया और सिंधू के नेट में शॉट मारने पर 9-8 की बढ़त भी हासिल कर ली। उनके खेल में हालांकि दबाव बनाए रखने के लिए जरूरी सटीकता और निरंतरता की कमी उनके खेल में साफ नजर आई। एक और नेट पर हुई गलती के कारण मध्यांतर तक सिंधू को एक अंक की मामूली बढ़त मिल गई।
दोनों खिलाड़ियों के बीच 15-15 के स्कोर तक कड़ी टक्कर देखने को मिली। सिंधू ने इसके बाद बढ़त हासिल करना शुरू किया। उन्होंने शानदार ड्रॉप शॉट लगाकर 17-15 की बढ़त हासिल की। अनमोल की दो और गलतियों ने सिंधू को चार मैच प्वाइंट दिला दिए। उन्होंने पीछे की ओर सटीक रिटर्न लगाकर पहला मैच प्वाइंट भुनाया और फाइनल में प्रवेश कर लिया। दिन के एक अन्य मुकाबले (पुरुष वर्ग का सेमीफाइनल) में लक्ष्य सेन का सामना फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव से होगा।
