बॉलीवुड

फिल्ममेकर Sanjay Gupta के निधन से टूटे Sanjay Dutt, सोनू सूद ने भी किया याद

  • Authored by: अभय
  • Updated Oct 31, 2026, 02:34 PM IST

Bollywood Stars on Sanjay Gupta Death: फिल्ममेकर संजय गुप्ता के अचानक निधन की खबर से बॉलीवुड में शोक की लहर है। सोनू सूद और हर्षवर्धन राणे ने उन्हें याद करते हुए इमोशनल पोस्ट शेयर किए।

Image

संजय गुप्ता के जाने से बॉलीवुड में दौड़ी शोक की लहर, संजय दत्त और हर्षवर्धन राणे हुए भावुक (Image Source: X/ IMDb)

Bollywood Stars on Sanjay Gupta Death: फिल्ममेकर संजय गुप्ता के अचानक निधन की खबर ने फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। उनके जाने से बॉलीवुड के कई सितारे दुखी हैं। संजय गुप्ता ने अपने करियर में कई ऐसी फिल्में बनाईं, जिन्होंने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई। उनके साथ काम कर चुके कलाकार भी इस खबर पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं। एक्टर सोनू सूद (Sonu Sood), संजय दत्त समेत कई स्टार्स ने संजय गुप्ता को याद करते हुए अपना दुख जाहिर किया है। तो चलिए जानते हैं कि किन-किन बॉलीवुड स्टार्स ने अब तक संजय गुप्ता के निधन पर दुख जताया है।

सोनू सूद ने जताया दुख

सोनू सूद ने संजय गुप्ता के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें याद किया। फिल्ममेकर के अचानक चले जाने से वो काफी दुखी हैं। संजय गुप्ता के साथ काम कर चुके सोनू सूद ने उनके निधन पर अपनी संवेदनाएं जाहिर कीं। सोनू सूद ने लिखा, 'संजय भाई, आपकी हमेशा कमी खलेगी। सेट पर आपके साथ बिताए समय की यादें हमेशा मेरे दिल के करीब रहेंगी।' तुषार कपूर (Tusshar Kapoor) ने लिखा, 'आज सुबह अपने प्यारे डायरेक्टर संजय गुप्ता के अचानक और दुखद निधन की खबर सुनकर आंख खुली। जिंदगी कितनी अनिश्चित है, हालांकि ये शख्स हमें जिंदगी को पूरी तरह जीने का सबक देकर गया! उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।'

हर्षवर्धन राणे ने भी किया याद

हर्षवर्धन राणे ने भी फिल्म 'द मिरांडा ब्रदर्स' (The Miranda Brothers) में संजय गुप्ता के साथ काम करने के दिनों को याद किया। उन्होंने सेट से उनके साथ कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए एक इमोशनल नोट लिखा। हर्षवर्धन ने लिखा, 'मैं सोच भी नहीं सकता कि अनु मैम और उनके बच्चे किस दौर से गुजर रहे होंगे। वह अपने परिवार से बहुत प्यार करते थे और लगातार फिल्में बनाने में लगे रहते थे। जब हमने 'मिरांडा ब्रदर्स' की शूटिंग की थी, तब वह मुझे और मीजान को गोवा में अक्सर खाना खिलाने के लिए बाहर ले जाते थे। मैंने उनसे ज्यादा खुश रहने वाला इंसान सेट पर और सेट के बाहर कभी नहीं देखा। मेरा दिल टूट गया है।'

संजय दत्त हुए इमोशनल

संजय दत्त (Sanjay Dutt) ने लिखा, 'गुप्ता, मेरे भाई। मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा है कि तुम हमें छोड़कर चले गए। हमने साथ में बहुत कुछ बिताया है, हमारी कितनी सारी यादें हैं और कई सालों की दोस्ती है। तुम हमेशा मेरे परिवार का हिस्सा रहे हो और यह कभी नहीं बदलेगा। मुझे तुम्हारी, हमारी बातचीत और साथ बिताए हर पल की कमी खलेगी। हाल ही में हम 'कांटे 2' को लेकर बात कर रहे थे। मैं तुम्हारे भाई की याद में तुम्हारे सपने 'कांटे 2' को जरूर पूरा करूंगा। तुम्हारे इस सपने को सच करने के लिए मैं सब कुछ करूंगा। तुमसे हमेशा प्यार रहेगा। भाई, तुम्हारे बिना जिंदगी पहले जैसी नहीं रहेगी। भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे।'

इन फिल्मों के लिए जाने जाते थे संजय गुप्ता

संजय गुप्ता हिंदी सिनेमा में 'कांटे' (Kaante), 'जिंदा' (Zinda), 'शूटआउट एट वडाला' (Shootout at Wadala) और 'काबिल' (Kaabil) जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते थे। उन्होंने बतौर निर्देशक और निर्माता फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई। उनकी आखिरी फिल्मों में 'द मिरांडा ब्रदर्स' (The Miranda Brothers) शामिल है, जिसमें हर्षवर्धन राणे और मीजान जाफरी नजर आए थे।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article