बॉलीवुड

दोस्त के एक मैसेज के बाद Mr India Supranational 2026 बने एबेल बिजू, अब इंटरनेशनल मंच पर दिखाएंगे जलवा

Abel Biju Journey: केरल के रहने वाले एबेल बिजू ने Mr India Supranational 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। अब वह इस क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। उनकी नजर Mister Supranational 2026 के खिताब पर है।

Image

Abel Biju (photo credit- instagram)

Abel Biju Journey: मनोरंजन की दुनिया में कई ऐसे कलाकार हैं, जो कहते हुए सुनाई दे जाते हैं कि उन्हें इंडस्ट्री में लाने का काम सिर्फ किस्मत ने किया है। ऐसी ही कहानी केरल के कोट्टायम के रहने वाले एबेल बिजू की है, जो आज के समय में सुपर मॉडल बन गए हैं, लेकिन एक समय पर वह सिर्फ 10-6 वाली नौकरी में विश्वास रखते थे। एबेल बिजू एक समय पर सिर्फ बैंक में नौकरी करते थे, लेकिन आज वह Mr India Supranational 2026 का खिताब अपने नाम करने में कामयाब रहे हैं। इसके बाद वह मॉडलिंग की दुनिया में एक कदम आगे बढ़ाने वाले हैं। अब एबेल बिजू इंटरनेशनल मंच पर कदम रखने वाले हैं। एबेल पोलेंड में होने वाली Mister Supranational 2026 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। आइए आपको इनके बारे में बताते हैं।

दोस्त की वजह से बने मॉडल

एबेल बिजू बेहद ही साधारण परिवार से आते हैं, जहां पर कोई भी चकाचौंध वाली दुनिया का नहीं है। वह खुद बैकिंग के क्षेत्र में काम करते थे। उन्होंने कभी मॉडिलिंग की दुनिया में कदम रखने के बारे में सोचा भी नहीं था, लेकिन एक दोस्त की वजह से आज वह इस फील्ड में राज कर रहे हैं। एबेल बिजू को एक दोस्त ने Mr India प्रतियोगिता का फोर्म भेजा था और एबेल ने उस फॉर्म को बिना सोचे समझे सिर्फ भर दिया। उनके मुताबिक, उन्हें यह भी नहीं पता था कि पेजेंट आखिर होता क्या है, लेकिन इस दुनिया में कदम रखते ही उन्हें पहली ही कोशिश में सफलता मिली और उनकी जिंदगी को नई दिशा मिली।

घर की महिलाएं बनीं एबेल की ताकत

आम इंसान की तरह एबेल की जिंदगी भी काफी संघर्ष भरी रही है। उन्होंने बचपन में ही माता-पिता का तलाक देखा। जब वह पांच साल के थे तब उनके माता पिता अलग हो गए थे। इसके बाद उनकी मां और दादी नें मिलकर उनकी परवरिश की, लेकिन मां के साथ भी वह ज्यादा समय नहीं बिता पाए। मां परिवार की जिम्मेदारी के लिए इटली चली गई और वह दादी के साथ ही बढ़े हुए। एलेन बिजू का कहना है कि उनकी मां हर हर इंटरव्यू के बाद सबसे पहले उन्हें मैसेज करती थीं और पूछती थीं कि सब कैसा रहा। वहीं दादी ने उन्हें इंसानियत, सम्मान और परिवार की अहमियत सिखाई।

पोलैंड में भारत का नाम रोशन करेंगे एबेल बिजू

एबेल Mr India Supranational 2026 बन चुके हैं और अब उनकी नजर Mister Supranational 2026 पर है। इस प्रतियोगिता का आयोजन पोलैंड में होना वाला है और इसमें 40 से ज्यादा देशों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे, जिनका सामना एबेल को करना होगा। एबेल का कहना है कि भारत की सबसे बड़ी खूबी उसकी विविधता है। यहां कुछ सौ किलोमीटर की दूरी पर भाषा, खानपान और संस्कृति बदल जाती है। यही चीज हमें हर इंसान का सम्मान करना सिखाती है और वह यही संदेश दुनिया तक पहुंचाना चाहते हैं।

प्रतियोगिता के लिए कैसे तैयारी कर रहे हैं एबेल बिजू

मॉडलिंग में अपना करियर बनाने के लिए एबेल बिजू के लिए आसान नहीं रहा है। उन्हें केरल से निकलकर मुंबई आना पड़ा। यहां पर अकेले सब कुछ सीखना पड़ा। अब वह पेजेंट की तैयारी में जुट गए हैं। इस मौके पर वह फिटनेस, कम्युनिकेशन, रैंप वॉक और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट पर लगातार मेहनत कर रहे हैं। हालांकि, यहां आपको जानकर हैरानी होगी कि एबेल ने मॉडलिंग की दुनिया में शानदार काम करने के बाद भी बैंकिंग की नौकरी छोड़ी नहीं है। वह छुट्टियों पर हैं। उनका कहना है कि बैंक ने हमेशा उनका साथ दिया, इसलिए वह बैंक कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी आवाज उठाना चाहते हैं।
Kavita
कविताauthor

कविता टाइम्स नाउ नवभारत डिजीटल के एंटरटेनमेंट डेस्क में बतौर चीफ कॉपी एडिटर की पोस्ट पर काम कर रही है. पत्रकारिता के क्षेत्र डिप्लोमा हासिल करने के बाद कविता ने मनोरंजन के क्षेत्र में कदम रखा, जहां पर वह टीवी पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से काम कर रही है. टीवी के क्षेत्र में कविता की मजबूत पकड़ है. इस क्षेत्र में कविता को फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जानी जाती हैं. कविता ने अब तक 6,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं. मनोरंजन पत्रकारिता में तेजी से आ रहे बदलाव पर पैनी नजर रखना और समय पर हर सटीक खबर की जानकारी देना कविता की खासियत है.

और पढ़ें
End of Article