शहर

DNA, फिंगरप्रिंट और 82 गवाह! IRS अधिकारी की बेटी के दुष्कर्म-हत्या केस में आरोपी के खिलाफ सबूतों का बंडल अदालत में पेश

दिल्ली में वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी से दुष्कर्म और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए अदालत में 973 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया है।

Image

आरोपी राहुल मीणा की फाइल फोटो

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi IRS Officer Daughter Murder Case: दिल्ली पुलिस ने भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के वरिष्ठ अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपी राहुल मीणा के खिलाफ एक अदालत में 973 पन्नों का आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल किया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी घर में पहले घरेलू सहायक के तौर पर काम करता था और वित्तीय कदाचार के कारण इस साल फरवरी में उसे नौकरी से निकाला गया था। मीणा को यह पता था कि घर में चाबियां कहां रखी रहती हैं। उसने 22 अप्रैल की सुबह इसी जानकारी का फायदा उठाकर घर में प्रवेश किया और पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। घटना के वक्त पीड़िता घर पर अकेली थी। सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही पीड़िता को उसके माता-पिता ने सुबह करीब आठ बजे जिम से लौटने पर जख्मी पाया और उसे पास के एक अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था।

चार्जिंग केबल से घोंटा पीड़िता का गला

आरोप पत्र के अनुसार, आरोपी राहुल मीणा ने युवती से कथित तौर पर दुष्कर्म किया और पैसे की उसकी मांग का विरोध करने पर मोबाइल फोन की चार्जिंग केबल से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद उसने लगभग दो से ढाई लाख रुपये नकद चुरा लिए। फिर उसने पीड़िता के भाई के कपड़े पहन लिए और मौके से फरार हो गया। सूत्रों ने कहा कि आरोप पत्र में जिक्र किया गया है कि अपराध स्थल से बरामद उंगलियों, हथेलियों और अंगूठे के निशान आरोपी से मेल खाते हैं और उसका डीएनए पीड़िता के शरीर से जुटाए गए नमूनों से भी मेल खाता है। पुलिस ने घटनाओं के क्रम को स्थापित करने के लिए 82 गवाहों को सूचीबद्ध किया है।

आरोपी पर पांच से सात लाख रुपये का कर्ज

सीसीटीवी फुटेज में राहुल मीणा को सुबह 6:30 बजे आवासीय परिसर में एंट्री करते और 7:20 बजे बाहर निकलते देखे जाने के बाद उसी शाम उसे द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार किया गया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मीणा को जुए की लत थी और ऑनलाइन गेमिंग ऐप्लिकेशन के कारण उस पर पांच से सात लाख रुपये का कर्ज था। पुलिस अधिकारी ने कहा कि पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर जांच अधिकारियों को बताया कि वह घर सिर्फ पैसे मांगने गया था और यह अपराध बस हो गया। गौरतलब है कि पीड़िता के पिता एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी हैं और उसकी मां एक दंत चिकित्सक हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article