OMG 2 producer on Paresh Rawal: बॉलीवुड एक्टर परेश रावल (Paresh Rawal) इन दिनों चर्चा बने हुए हैं। हाल ही में वो फिल्म वेलकम टू द जंगल में नजर आए थे। परेश रावल की ये फिल्म हिट साबित हो गई। बीते दिनों परेश रावल ने एक इंटरव्यू में बड़ा दावा किया था। उन्होंने कहा फिल्म 'ओह माय गॉड 2' (Oh My God 2) की कहानी और आइडिया उनका था, लेकिन उन्हें इसका कोई क्रेडिट नहीं दिया गया। अब इस बारे में 'ओह माय गॉड 2' के को-प्रोड्यूसर अश्विन वार्डे ने पलटवार किया है। आइए पूरी बात जानते है इस रिपोर्ट में....(Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Paresh Rawal ने बीच मझधार में Hera Pheri 3 से पीछे खींचे हाथ, ये विवाद बना फिल्म छोड़ने की वजह)
ओएमजी 2 के प्रोड्यूसर ने कही ये बात
अश्विन वार्डे ने इस बारे में कहा, 'सबसे पहले फिल्म की कहानी निर्देशक अमित राय ने मुझे सुनाई थी। कहानी सुनते ही मुझे लगा कि इसका फॉर्मेट 'ओह माय गॉड' से काफी मिलता-जुलता है। तब अमित ने बताया कि परेश रावल ने उनसे कहा था कि कहानी को 'ओह माय गॉड' की तरह ही लिखा जाए।' अश्विन ने आगे कहा, 'मैं जानता था कि 'ओह माय गॉड' के राइट्स अक्षय कुमार के पास हैं। इसलिए मैंने साफ कहा कि उनकी मंजूरी के बिना इस फिल्म पर काम नहीं किया जा सकता।' अश्विन के मुताबिक, जब अमित राय ने इस बारे में परेश रावल से बात की तो उन्हें बताया गया कि फिल्म के राइट्स उनके पास हैं। इसी के बाद उन्हें पूरी स्थिति समझ में आई। अश्विन वार्डे ने कहा, 'मुझे लगा कि परेश रावल 'ओह माय गॉड' जैसी फिल्म को किसी दूसरे नाम से बनाना चाहते थे। मेरे हिसाब से यह सही तरीका नहीं था। किसी और की बनाई हुई चीज को अपने नाम से इस्तेमाल करना चोरी के बराबर है।'
परेश रावल ने इंटरव्यू में यह भी दावा किया था कि उन्होंने पहले अजय देवगन और सलमान खान को फिल्म में उस किरदार के लिए अप्रोच किया था, जिसे बाद में अक्षय कुमार ने निभाया। इस पर भी अश्विन वार्डे ने अपनी प्रतिक्रिया दी। अश्विन वार्डे ने कहा, 'अजय देवगन और सलमान खान ने भी यही कहा था कि यह 'ओह माय गॉड' है और यह अक्षय कुमार की फिल्म है। इसलिए या तो उनकी मंजूरी लो या फिर इस पर आगे मत बढ़ो।' अश्विन ने बताया कि इसके बाद उनकी कंपनी वाकाओ फिल्म्स ने इस स्क्रिप्ट के अधिकार खरीद लिए। उन्होंने कहा कि फिल्म की स्क्रिप्ट आज भी सिर्फ अमित राय के नाम पर रजिस्टर्ड है और वही इसके एकमात्र लेखक हैं। अश्विन वार्डे ने कहा, "परेश रावल का फिल्म की कहानी का क्रेडिट मांगना पूरी तरह गलत है। हमारी कई बैठकों में उन्होंने कभी यह दावा नहीं किया कि कहानी उनकी है। शायद इसलिए क्योंकि यह सच नहीं है। हमने कभी परेश रावल के साथ कोई धोखा नहीं किया। अगर हम किसी बात के दोषी हैं, तो सिर्फ इस बात के कि हमने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया।'
