देश

राममंदिर चढ़ावा चोरी: अयोध्या पुलिस को मिली आरोपी टिन्नू यादव और मनीष यादव की 39 घंटे की रिमांड, खुलेंगे नए राज!

Ram Mandir Donation Accused: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी टिन्नू यादव और मनीष यादव की रिमांड मंजूर हो गई है। कोर्ट ने अयोध्या पुलिस को 39 घंटे की रिमांड दी है।

Image

आरोपी टिन्नू यादव और मनीष यादव की 39 घंटे की रिमांड (फाइल फोटो)

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में नया अपडेट सामने आया है। बता दें कि इस कांड के आरोपी टिन्नू यादव और मनीष यादव की रिमांड मंजूर हो गई है। कोर्ट ने अयोध्या पुलिस को 39 घंटे की रिमांड दी है। अब इस हिसाब से पुलिस 18 जुलाई की सुबह यानी शनिवार को टिन्नू और मनीष की रिमांड लेने अयोध्या जेल पहुंचेगी।

बता दें कि पुलिस टीम ने गुरुवार को जेल पहुंच कर पहले दोनों से पूछताछ की थी, इसके बाद दोनों आरोपितों को सात दिनों की पुलिस अभिरक्षा में दिए जाने के लिए आवेदन विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के समक्ष प्रस्तुत किया था। इस पर शुक्रवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अभियोजन और बचाव पक्ष अपने-अपने तर्क रखे। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद रिमांड पर फैसला सुनाया।

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा और बरादमगी होने की संभावना है। इसी उद्देश्य से दोनों से अभिरक्षा में लेकर विस्तृत पूछताछ की अनुमति मांगी गई।

इससे पहले इसी प्रकरण में पुलिस छह अन्य आरोपियों को कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है। वहीं इससे पहले बुधवार को कस्टडी में लिए गए पूर्व बैंककर्मी सुभाष श्रीवास्तव व रमाशंकर मिश्र की निशानदेही पर बरामद सामान व नकदी को भी पुलिस ने कोर्ट के समक्ष पेश किया था।

आठों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए बढ़ा दी

अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में फैजाबाद की विशेष भ्रष्टाचार निवारण अदालत ने आठों आरोपियों की न्यायिक हिरासत सोमवार को 14 दिनों के लिए और बढ़ा दी। आरोपियों की पिछली न्यायिक हिरासत की अवधि सोमवार को खत्म हो रही थी। अभियोजन के अनुसार, आरोपियों को अपर जिला न्यायाधीश प्रतिभा नारायण की अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया, जहां से उन्हें 27 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

आरोपियों के बयानों से नई जानकारियां मिलीं

अभियोजन पक्ष के अनुसार, जांच के दौरान दोनों आरोपियों के बयानों से नई जानकारियां मिली हैं, जिससे तथ्यों की पुष्टि करने और मंदिर के चढ़ावे के गबन से जुड़े सबूत बरामद करने के लिए उनकी पुलिस हिरासत जरूरी हो गई है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय के पूर्व चालक टिन्नू यादव के पास दान पेटियों की चाबियां थीं, जबकि बैंक के पूर्व कर्मचारी सुभाष श्रीवास्तव चढ़ावे की गिनती की प्रक्रिया की निगरानी में शामिल थे। पुलिस पहले ही चार आरोपियों अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय से अलग-अलग पुलिस रिमांड में पूछताछ कर चुकी है। पुलिस ने दावा किया है कि इस दौरान चढ़ावा चोरी से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article