देश

'...14 भारतीय नागरिकों की हुई मौत', MEA ने पश्चिम एशिया युद्ध को लेकर दिया बड़ा अपडेट; कहा- अभी हालात ठीक नहीं

West Asia Crisis: विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि पश्चिम एशिया युद्ध में अब तक 14 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है, जबकि दो भारतीय नागरिक अभी भी लापता हैं।

Image

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (फोटो साभार: MEA/YT)

West Asia Crisis: विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर बड़ा अपडेट दिया। विदेश मंत्रालय ने बताया कि पश्चिम एशिया संघर्ष में अभी तक 14 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है, जबकि दो भारतीय अभी भी लापता हैं।

पश्चिम एशिया में कैसे हैं हालात?

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान बताया कि पश्चिम एशिया में अभी हालात ठीक नहीं हैं। जहां तक नाविक समुदाय की बात है तो उसमें भारतीय लोग काफी हैं।

'लोगों को आगाह करना हमारी जिम्मेदारी'

रणधीर जायसवाल से जब डीजी शिपिंग की हालिया एडवाइजरी से जुड़ा सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, ''डीजी शिपिंग की एडवाइजरी मैंने भी देखी है। अभी पश्चिम एशिया में हालात ठीक नहीं है। इसके मद्देनजर यह एडवाइजरी जारी की गई है। जहां तक नाविक समुदाय की बात है, उसमें भारतीय लोग काफी हैं। ऐसे में यह हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम उन लोगों को आगाह करें कि उनको हम किस प्रकार से सुरक्षित रख सकते हैं।''

पश्चिम एशिया युद्ध में अभी तक कितने नाविक क्षतिग्रस्त हुए हैं? इस पर जायसवाल ने कहा कि मेरे पास नाविकों के बारे में पुख्ता जानकारी नहीं है, लेकिन मैं आपको यह बता सकता हूं कि पश्चिम एशिया में हमारे 14 भारतीय नागरिक मारे गए हैं और दो भारतीय नागरिक अभी भी लापता हैं।

भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी जारी

डीजी शिपिंग ने हाल ही में भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर एक एडवाइजरी जारी की है। डीजीएमए ने सर्कुलर नंबर 36/2026 जारी करते हुए निर्देश दिया है कि अगले आदेश तक होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर भारतीय नाविकों की तैनाती न की जाए। डीजी शिपिंग ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। इसी के चलते एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। एडवाइजरी में कहा गया है कि होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर भारतीय नाविकों की तैनाती न की जाए जब तक कि हालात सामान्य नहीं हो जाते हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article