इलेक्शन

West Bengal में 9 मई को शपथ लेंगे नए मुख्यमंत्री, BJP प्रदेश अध्यक्ष ने की घोषणा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद अब मुख्यमंत्री के चुनाव और शपथ ग्रहण पर सभी की निगाहें हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने साफ कर दिया है कि 9 मई को शपथ ग्रहण होगा।

Image

पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री 9 मई को लेंगे शपथ

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला है। 206 सीटें जीतने वाली भाजपा का पश्चिम बंगाल में पहला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस बात से अभी पर्दा नहीं उठा है। लेकिन पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने मुख्यमंत्री के शपथ की तारीख की घोषणा जरूर कर दी है।

समिक भट्टाचार्य ने आज यानी मंगलवार 5 मई को मीडिया से बात करते हुए बताया कि पश्चिम बंगाल का नया मुख्यमंत्री 9 मई को शपथ लेगा। ज्ञात हो कि पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान हुआ था और कल यानी सोमवार 4 मई को मतगणना हुई थी। इस चुनाव में भाजपा ने पिछले 15 सालों से सत्ता पर काबिज ममता बनर्जी और उनकी TMC को उखाड़ फेंका है। टीएमसी को इस चुनाव में सिर्फ 80 सीटें ही मिली हैं।

हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि मुख्यमंत्री कौन होगा। सोमवार को मतगणना के दौरान जैसे ही भाजपा रुझानों में सत्ता के करीब पहुंची, तभी से नए मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें लगाई जाने लगी थीं। हर कोई नए मुख्यमंत्री को लेकर कयास लगा रहा था। जिन लोगों के नाम मुख्यमंत्री पद की रेस में हैं, उनमें एक नाम स्वयं समिक भट्टाचार्य का भी है। हालांकि, सबसे बड़ा नाम सुवेंदु अधिकारी का लिया जा रहा है, जिन्होंने ममता बनर्जी को उनके गढ़ भवानीपुर से हराया है।

नाम को लेकर अभी घोषणा भले ही न हुई हो, लेकिन शपथग्रहण 9 मई को होने की घोषणा हो चुकी है। मुख्यमंत्री के नाम को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह अक्सर सभी को चौंकाते रहे हैं। अब देखना होगा कि पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री किसे चुना जाता है।

उधर वरिष्ठ भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी का कहना है कि कुछ लोग भाजपा का झंडा लेकर तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा, हम ऐसी तोड़फोड़ की घटनाओं की आलोचना करते हैं। सुवेंदु ने कहा, 'हम साफ कर देना चाहते हैं कि अगर कोई भी कार्यकर्ता ऐसी गतिविधि में शामिल होता है तो उसे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा।' उन्होंने आगे कहा, इस जीत का जश्न पश्चिम बंगाल और पूरे देश में मनाया जा रहा है। अब हमारे सामने बड़ी चुनौती है। हम अपने कार्यकर्ताओं से शांत रहने और किसी की भी भावनाओं को चोट न पहुंचाने की अपील करते हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article