इलेक्शन

कौन बनेगा मुख्यमंत्री : बंगाल में हुआ खेला, किसके सिर सजेगा CM का ताज

Who will Bengal Chief Minister in 2026: आज पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम घोषित किए जा रहे हैं और रुझानों के अनुसार राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। अब कौन बनेगा मुख्यमंत्री?

Image

पश्चिम बंगाल में कौन बनेगा भाजपा का पहला मुख्यमंत्री?

Who will Bengal CM in 2026: आज यानी सोमवार 4 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद मतगणना हो रही है। 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में हुए मतदान के बाद आज सुबह 8 बजे से मतगणना का काम चल रहा है। राज्य की 294 में से 293 सीटों के लिए आज मतगणना हो रही है और सभी सीटों के रुझान भी आ चुके हैं। रुझानों के अनुसार राज्य से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी TMC की विदायी तय हो गई है। रुझानों के मुताबिक BJP को 190 सीटें मिलने जा रही हैं, जबकि TMC 100 सीटों से भी नीचे सिमटती दिख रही है। कुल मिलाकर इस बार TMC और ममता बनर्जी 'दीदी' के साथ पश्चिम बंगाल में खेला हो गया है। अब प्रश्न ये है कि पश्चिम बंगाल का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? हर किसी की जुबान पर एक ही प्रश्न है, कौन बनेगा मुख्यमंत्री? किसके सिर सजेगा मुख्यमंत्री का ताज? चलिए जानते हैं।

Who will Bengal Chief Minister in 2026

पश्चिम बंगाल के जो रुझान दिख रहे हैं, अब उम्मीद की जाती है कि उनमें कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा। ज्यादा से ज्यादा 10-20 सीटें ऊपर नीचे हो सकती हैं। इसका मतलब साफ है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। पश्चिम बंगाल में भाजपा का पहला मुख्यमंत्री कौन होगा? इस प्रश्न का उत्तर वैसे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ही दे सकते हैं या पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन के पास इस प्रश्न का उत्तर हो सकता है। लेकिन तीन प्रमुख नाम जो जनता की जुबान पर हैं उनके बारे में हम यहां आपको बता रहे हैं।

सुवेंदु अधिकारी

सुवेंदु अधिकारी कभी टीएमसी के प्रमुख नेताओं और ममता बनर्जी के काफी करीबी लोगों में शामिल थे। बाद में उन्होंने ममता बनर्जी से खुली बगावत की और भाजपा में शामिल हो गए। वह पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष हैं और ममता बनर्जी के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी के रूप में सामने आए हैं। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने ममता बनर्जी को नंदीग्राम से हराकर अपना कद भी काफी ऊंचा कर लिया। इस बार भी वह तृणमूल कांग्रेस की पारंपरिक सीट भवानीपुर से ममता बनर्जी को टक्कर दे रहे हैं, जबकि नंदीग्राम से भी चुनावी मैदान में हैं। सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल भाजपा के बड़े नेता और ममता बनर्जी के धुर विरोधी होने के कारण मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे दिखाई देते हैं।

समिक भट्टाचार्य

चुनाव में जीत के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए समिक भट्टाचार्य का दाव भी काफी प्रबल है। क्योंकि भाजपा ने जुलाई 2025 में उन्हें पश्चिम बंगाल भाजपा का अध्यक्ष बनाया और विधानसभा चुनाव 2026 उन्हीं के नेतृत्व में लड़ा गया है। ऐसे में प्रदेश पार्टी अध्यक्ष के तौर पर जीत दिलाने के चलते समिक भट्टाचार्य भी मुख्यमंत्री पद की रेस में शामिल हो सकते हैं।

दिलीप घोष

मुख्यमंत्री पद के लिए दिलीप घोष का दांव भी काफी मजबूत है। वह RSS प्रचारक रहे हैं और संघ के जरिए ही भाजपा में आए हैं। वह पूर्व में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। पश्चिम बंगाल में पिछले कई वर्षों से भाजपा को मजबूत करने में दिलीप घोष का बड़ा योगदान रहा है। ऐसे में पार्टी उनकी मेहनत का पारितोषिक के तौर पर उन्हें मुख्यमंत्री पद सौंप सकती है।

कोई अन्य

राजस्थान हो या मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा, भाजपा ने मुख्यमंत्री के चुनाव को लेकर बड़े-बड़े जानकारों को भी चौंका दिया था। पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की जोड़ी चुनाव के बाद भी चौंकाने के लिए जानी जाती है। अब देखना होगा कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के चुनाव को लेकर एक बार फिर यह जोड़ी सभी को चौंकाती है या फिर उम्मीदों के अनुसार किसी चर्चित चेहरे को इस पद पर बैठाती है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article