इलेक्शन

Fifth Phase Voting: लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए वोटिंग आज, 49 सीटों पर होगा मतदान

Fifth Phase Voting: सोमवार को महाराष्ट्र की 13, उत्तर प्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की सात, बिहार की पांच, झारखंड की तीन, ओडिशा की पांच और जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख की एक-एक सीट पर मतदान होगा।

Image

पांचवें चरण के लिए मतदान आज

Photo : PTI

Fifth Phase Voting: देश में चल रहे लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए मतदान आज यानि कि सोमवार को होगा। पांचवें चरण के तहत देश की 49 लोकसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इस चरण में राहुल गांधी समेत स्मृति ईरानी जैसे कई दिग्गजों का फैसला होगा।

किस राज्य की कितनी सीटों पर मतदान

सोमवार को महाराष्ट्र की 13, उत्तर प्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की सात, बिहार की पांच, झारखंड की तीन, ओडिशा की पांच और जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख की एक-एक सीट पर मतदान होगा। इसी चरण में ओडिशा के 35 विधानसभा क्षेत्रों में भी मतदान होगा, जहां बीजद अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नवीन पटनायक उम्मीदवारों में शामिल हैं।

पांचवें चरण के प्रमुख उम्मीदवार

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में कई केंद्रीय मंत्री शामिल हैं जिनमें राजनाथ सिंह (लखनऊ, उत्तर प्रदेश), पीयूष गोयल (मुंबई उत्तर, महाराष्ट्र), साध्वी निरंजन ज्योति (फतेहपुर, उप्र) और शांतनु ठाकुर (बनगांव, पश्चिम बंगाल), लोजपा (रामविलास) के नेता चिराग पासवान (हाजीपुर, बिहार), शिवसेना के श्रीकांत शिंदे (कल्याण, महाराष्ट्र) और भाजपा के राजीव प्रताप रूडी तथा राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य (दोनों सारण, बिहार) शामिल हैं।

एक नजर में पांचवां चरण

  • इस चरण में 2.46 करोड़ नागरिक 264 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करने के लिए मतदान करने के पात्र हैं।
  • उत्तरी महाराष्ट्र और मुंबई महानगर क्षेत्र के 13 लोकसभा क्षेत्रों में मतदान होगा।
  • केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता पीयूष गोयल (मुंबई उत्तर), भारती पवार (डिंडोरी) और कपिल पाटिल (भिवंडी), शिवसेना के श्रीकांत शिंदे (कल्याण), और मुंबई कांग्रेस प्रमुख वर्षा गायकवाड़ और भाजपा उम्मीदवार एवं वकील उज्ज्वल निकम (मुंबई उत्तर मध्य सीट) इस दौर में प्रमुख उम्मीदवारों में से हैं।
  • इनके अलावा धुले, नासिक, ठाणे, पालघर, मुंबई उत्तर पश्चिम, मुंबई उत्तर पूर्व, मुंबई दक्षिण मध्य और मुंबई दक्षिण में भी मतदान होगा।
  • केरल के वायनाड से चुनाव लड़ने वाले राहुल गांधी, नेहरू-गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली से चुनाव लड़ रहे हैं, जिसका प्रतिनिधित्व उनकी मां सोनिया गांधी 2004 से कर रही थीं। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को इस सीट से मैदान में उतारा है।
  • अमेठी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी चुनाव मैदान में हैं, जबकि गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा को कांग्रेस ने चुनाव मैदान में उतारा है।
  • लखनऊ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की चौथे कार्यकाल पर नजर हैं। उनका मुकाबला सपा के मौजूदा विधायक (लखनऊ मध्य से) रविदास मेहरोत्रा से है।
  • उत्तर प्रदेश में इस चरण में 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों मोहनलालगंज (आरक्षित), लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन (आरक्षित), झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी (आरक्षित), बाराबंकी (आरक्षित), फैजाबाद, कैसरगंज, गोंडा में मतदान होगा।
  • पांचवें चरण में अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर-मोहनलालगंज, केंद्रीय मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा-जालौन, केंद्रीय मंत्री साध्‍वी निरंजन ज्‍योति और सांसद लल्लू सिंह-फैजाबाद लोकसभा सीट से चुनावी मुकाबले में हैं।
  • जम्मू-कश्मीर के बारामूला में 22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी चुनाव लड़ रहे हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में 17.37 लाख मतदाता मतदान करने के पात्र हैं।
  • लद्दाख में कांग्रेस उम्मीदवार सेरिंग नामग्याल, भाजपा के ताशी ग्यालसन और निर्दलीय उम्मीदवार एवं नेकां के बागी नेता हाजी हनीफा जान के बीच कड़ा मुकाबला है।
  • पश्चिम बंगाल में सात संसदीय क्षेत्रों में मतदान होगा। राज्य की बनगांव, बैरकपुर, हावड़ा, उलुबेरिया, सेराम्पुर, हुगली और आरामबाग लोकसभा सीट पर मतदान होगा।
  • बिहार की पांच लोकसभा सीट सारण, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सीतामढ़ी और मधुबनी में भी सोमवार को मतदान होगा।
  • हाजीपुर से चिराग पासवान चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं बाकी दो सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार मैदान में हैं।
  • सारण में पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी का मुकाबला राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य से है।
  • झारखंड में तीन लोकसभा सीट और गांडेय विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए मतदान होगा।
  • लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में चतरा से 22, कोडरमा से 15 और हजारीबाग निर्वाचन क्षेत्र से 17 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
  • ओडिशा की पांच लोकसभा सीट और 35 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान होगा।
Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article