कैप्टन अमरिंदर सिंह का ऐलान, BJP-ढींडसा के साथ मिलकर लड़ेंगे पंजाब चुनाव

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 6, 2021, 02:58 PM IST

Punjab Assembly elections 2022: चंडीगढ़ में पत्रकारों के साथ बातचीत में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा, 'गठबंधन के बारे में सिद्धांतत: फैसला हो गया है अब केवल सीट बंटवारे पर निर्णय किया जाना है।'

चंडीगढ़ : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी का लक्ष्य पंजाब का चुनाव जीतना है। चुनाव की रणनीति तैयार की जा रही है। कांग्रेस से अलग होने के बाद पंजाब लोक कांग्रेस के नाम से अपनी पार्टी बनाने वाले कैप्टन ने कहा कि आगामी चुनाव के लिए उनकी पार्टी का गठबंधन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं सुखदेव सिंह ढींडसा की पार्टी से होगा। पूर्व सीएम ने कहा कि सीट बंटवारे पर घोषणा शीघ्र की जाएगी। 

पंजाब चुनाव जीतना हमारा लक्ष्य-कैप्टन

चंडीगढ़ में पत्रकारों के साथ बातचीत में अमरिंदर सिंह ने कहा, 'गठबंधन के बारे में सिद्धांतत: फैसला हो गया है अब केवल सीट बंटवारे पर निर्णय किया जाना है। हम ढींडसा साहब की पार्टी (एसएडी संयुक्त) के साथ भी गठबंधन करेंगे। मैं दोनों पार्टी से आग्रह करूंगा कि वे विजेताओं उम्मीदवारों का चयन करें।' कैप्टन ने कहा कि उनकी पार्टी आगामी विस चुनाव में जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा, 'हमारा लक्ष्य पंजाब विधानसभा चुनाव जीतना है और हम इसे जीतेंगे।'

भाजपा को मिला नया सहयोगी

कैप्टन ने बताया कि 10 दिन पहले पार्टी की सदस्यता अभियान की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए जिला स्तर पर समिति भी बनाई गई है। पंजाब में नवजोत सिंह सिद्धू के साथ लंबे समय तक चले विवाद के बाद कैप्टन ने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी। राज्य में भाजपा की पुरानी सहयोगी पार्टी शिरोमणि अकाली दल (शिअद) कृषि कानूनों के मुद्दे पर उसका साथ छोड़ चुकी है। भाजपा को इस राज्य में अपने लिए एक नए साथी की तलाश थी। विस चुनाव के लिए शिअद ने बसपा के साथ गठजोड़ किया है। पंजाब में आम आदमी पार्टी पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ रही है। 

End of Article