इलेक्शन

सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों का 'राम नाम सत्य' करवा देते हैं, अलीगढ़ में गरजे योगी आदित्यनाथ- Video

  • Compiled by: रवि वैश्य
  • Updated Apr 5, 2024, 09:02 PM IST

Yogi Adityanath in Baghpat and Aligarh: मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें भारत माता के महान सपूत और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पावन धरा पर आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

Image

यूपी सीएम योगी बोले-सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले का 'राम नाम सत्य' भी करवा देते हैं

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • बागपत में योगी बोले- बेटी और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले का 'राम नाम सत्य' भी करवा देते हैं
  • अलीगढ़ में लोकसभा प्रत्याशी सतीश कुमार गौतम के समर्थन में सभा में भी लिया हिस्सा
  • सीएम योगी आदित्यनाथ अपने कड़क बयानों के लिए अलग ही पहचाने जाते हैं

Yogi Adityanath in Aligarh and Baghpat : उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि हम सिर्फ राम को ही नहीं लाए हैं बल्कि सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों का 'राम नाम सत्य' भी करवा देते हैं, योगी आदित्‍यनाथ ने शुक्रवार को बागपत में भाजपा समर्थित राष्ट्रीय लोकदल (RLD) एवं अलीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने अलीगढ़ की सभा में कहा, 'हम सिर्फ राम को ही नहीं लाये हैं, बल्कि बेटी और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले का 'राम नाम सत्य' भी करवा देते हैं।'

योगी ने इसके पहले बागपत में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के घटक दल राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी डॉ राजकुमार सांगवान के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वीरों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की धरती बागपत को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही भूमि है, जहां से अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध महाभारत की नींव पड़ी थी, करीब पांच हजार साल पहले भगवान श्रीकृष्ण ने हस्तिनापुर के राजदरबार में जाकर पांडवों के लिए जिन पांच गांव की मांग की थी, उनमें से एक बागपत भी था। मगर 'दुर्योधन वह भी दे न सका, आशीष समाज की ले न सका...', इसलिए महाभारत तो होना ही था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार हमारे लिए यह चुनाव और भी महत्व का हो जाता है। पहली बार किसानों के मसीहा के रूप में चौधरी चरण सिंह को भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न प्राप्त हुआ है। यह न केवल कोटि-कोटि अन्नदाताओं का सम्मान है, बल्कि प्रदेश के लोगों का गौरव भी है।योगी ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी का आभार, जिन्होंने चौधरी साहब के मूल्यों और आदर्शों को ध्यान में रखा और अन्नदाताओं के मुद्दों को राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा बनाया और किसान के हित में कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया।'

भाजपा और रालोद ने मिलकर बागपत के लिए एक योग्य प्रत्याशी दिया

मुख्यमंत्री ने कहा कि बागपत में 26 अप्रैल को चुनाव होना है। भाजपा और रालोद ने मिलकर बागपत के लिए एक योग्य प्रत्याशी दिया है। रालोद प्रमुख जयंत चौधरी को इसके लिए विशेष धन्यवाद, जिन्होंने एक सामान्य व्यक्ति को बागपत से टिकट दिया है। डॉ राजकुमार सांगवान ने चौधरी चरण सिंह के जीवन मूल्यों को अपनाया है।

'बागपत का सांसद बनते ही वो यहां के विकास के लिए प्रण-प्राण से जुट गये'

उन्होंने वर्तमान सांसद डॉ सत्यपाल सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में व्यतीत किया, मगर बागपत का सांसद बनते ही वो यहां के विकास के लिए प्रण-प्राण से जुट गये। बागपत के लिए विकास की योजनाओं को उन्होंने दौड़-धूप करके 24 घंटे के अंदर दिल्ली और लखनऊ से पास कराया।इस अवसर पर रालोद प्रमुख जयंत चौधरी, सांसद डॉ सत्यपाल सिंह, सांसद पद के लिए भाजपा और रालोद के संयुक्त प्रत्याशी डॉ राजकुमार सांगवान भी मौजूद थे।

'सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले का राम नाम सत्य भी करवा देते हैं'

इसके बाद, अलीगढ़ में लोकसभा प्रत्याशी सतीश कुमार गौतम के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि 'यह पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए ऐतिहासिक कार्यों का परिणाम है कि पूरे देश में उत्तर, पूरब, पश्चिम और दक्षिण में तीसरी बार मोदी सरकार यही आवाज गूंज रही है।' उन्होंने कहा कि 'प्रदेश में कभी कोई सोचता था कि यहां बेटी और व्यापारी रात को निडर होकर घर से निकल सकते हैं, लेकिन आज यह संभव है।' योगी ने कहा 'हम सिर्फ राम को ही नहीं लाएं हैं बल्कि बेटी और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले का राम नाम सत्य भी करवा देते हैं।' मुख्यमंत्री ने कहा कि 'प्रभु राम का नाम लेकर जीवन यापन करते हैं। बिना उनके कोई काम नहीं होता है। वहीं जो समाज की सुरक्षा के लिए खतरा बनेगा उसका राम नाम सत्य भी तय है।' अलीगढ़ के भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए योगी ने कहा कि ''आज हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत के दर्शन कर रहे हैं।'

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article