Bihar Elections 2025: राजद नेता और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को चुनाव आयोग पर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने 'मतदाता अधिकार यात्रा' को एक ऐतिहासिक यात्रा करार दी और कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग की असलियत जनता के सामने आ गई है।
EC पर बरसे तेजस्वी
इससे पहले, उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के सेल की तरह काम कर रहा है। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, अररिया में तेजस्वी ने कहा कि चुनाव आयोग ने जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता खो दी। उन्होंने कहा, ''चुनाव आयोग अब 'गोदी आयोग' बन गया है और भाजपा के सेल की तरह काम कर रहा है। राहुल गांधी और मैं लोकतंत्र, संविधान और मतदान के अधिकार को बचाने के लिए इस यात्रा पर निकले हैं। जमीनी स्तर पर, यहां तक कि गांवों में भी, चुनाव आयोग की विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है।"
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की आलोचना करते हुए तेजस्वी यादव ने दावा किया कि कई वोटर्स को मृत दिखाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर बूथ पर लगभग 50 वोटर्स के नाम हटा दिए गए हैं। हमने सुप्रीम कोर्ट में जीवित लोगों को मृत दिखाए जाने के सबूत पेश किए हैं।
PM मोदी पर भी बरसे तेजस्वी
पीएम मोदी की 'घुसपैठियां' संबंधी हालिया टिप्पणी को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में ऐसी कोई श्रेणी नहीं है। उन्होंने कहा कि अफवाहें फैलाने में पीएम से बेहतर कोई नहीं है। पीएम ने गया में कहा था कि चुनाव आयोग घुसपैठियों को भगाने के लिए काम कर रहा है। हालांकि, चुनाव आयोग की श्रेणियों की सूची और सुप्रीम कोर्ट में दिए गए हलफनामों में घुसपैठियों का कोई जिक्र तक नहीं है।
