Satyendar Jain Massage Viral Video: दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद राष्ट्रीय राजधानी के मंत्री सत्येंद्र जैन के मसाज वाले वीडियो पर सियासी महाभारत फिलहाल खत्म नहीं हुई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार (27 नवंबर, 2022) को आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी लोग जेल में बंद दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन की वीडियो और जानकारी लीक करा रहे हैं।
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जैन को तिहाड़ जेल में “वीआईपी सुविधाओं” का आनंद लेते हुए दिखाने वाले सिलसिलेवार वीडियो सोशल मीडिया मीम या अखबार के कार्टून का मामला नहीं है, बल्कि नैतिकता का मामला है।
पात्रा ने केजरीवाल पर इस मुद्दे पर 'सरासर झूठ' बोलने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह एक आम बात हो गई है क्योंकि कभी (जैन के) मालिश का वीडियो सामने आता है तो कभी जैन की जेल की कोठरी में जेल अधीक्षक के बैठे होने का वीडियो मिलता है।
पात्रा ने आगे कहा कि रविवार को एक नया वीडियो सामने आया जिसमें 10 लोग ‘आप’ नेता की कोठरी की सफाई करते दिख रहे हैं। इस कथित वीडियो को संवाददाता सम्मेलन में प्रदर्शित किये जाने के बाद भाजपा नेता ने दावा किया कि 10 व्यक्तियों को जैन की कोठरी को साफ रखने का जिम्मा सौंपा गया है।
पात्रा ने कहा, “ये वीडियो और सूचनाएं जेल अधिकारी नहीं दे रहे हैं। ये उनके (आप के) अपने लोग और केजरीवाल के करीबी मुहैया करा रहे हैं।” उन्होंने कहा, ‘‘...हम जल्द ही सूत्र के नाम का खुलासा करेंगे।’’
उधर, आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, “भाजपा की दिल्ली वालों को नई गारंटी- हर वार्ड में वीडियो की दुकान खोलेंगे। भाजपा एक वीडियो बनाने वाली कंपनी है। इस चुनाव में जनता उन्हें वीडियो बनाने का काम देगी और स्कूल, अस्पताल बनाने वालों को सरकार चलाने का काम देगी।” केजरीवाल ने शनिवार को कथित सीसीटीवी फुटेज को खारिज करते हुए कहा था कि भाजपा उन पर और उनकी पार्टी पर निशाना साधने के मकसद से इनका इस्तेमाल कर रही है।
