क्रिकेट

कुलदीप यादव को नहीं खिलाने की बहानेबाजी पर बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने दी सफाई

भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने रविवार को स्पष्ट किया कि कुलदीप यादव को श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए प्लेइंग-11 में क्यों जगह नहीं दी गई।

Image

सितांशु कोटक

कोलंबो:भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने रविवार को स्पष्ट किया कि कुलदीप यादव को श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट से वायरल बुखार के कारण बाहर रखा गया था और किसी खिलाड़ी को अंतिम एकादश से बाहर रखने के लिए टीम प्रबंधन को बीमारी का बहाना बनाने की कोई जरूरत नहीं है। हालांकि कोटक के इस बयान से अनजाने में गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले की बात का खंडन हो गया। बहुतुले ने यहां लगातार दो दिन कुलदीप के नेट्स में नहीं आने की वजह यात्रा से हुई थकान बताई थी।

वायरल बुखार से जूझ रहे हैं कुलदीप

कोटक ने दिन का खेल खत्म होने के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा,'मुझे नहीं लगता कि यह (कुलदीप की फिटनेस का सवाल) प्रासंगिक है। अगर वह फिट नहीं है, तो वह इस बारे में कैसे सोच सकता है कि वह खेलेगा या नहीं? जब वह गॉल से यहां आया था, तब उसे वायरल बुखार था।' सौराष्ट्र के अनुभवी क्रिकेटर कोटक ने आगे स्पष्ट किया कि कुलदीप चयन के लिए उपलब्ध होने की स्थिति में ही नहीं थे। उन्होंने कहा,'अगर टीम को स्पिनर की जरूरत है और वह नहीं खेलता, तो यह कहने के लिए बीमारी का बहाना बनाने की कोई जरूरत नहीं है कि उसकी तबीयत ठीक नहीं थी। जब खिलाड़ी खेलने की स्थिति में ही नहीं है तो यह सोचने का कोई मतलब नहीं है कि वह फिट होता या नहीं। इस तरह सोचना उसके लिए बहुत अनुचित होगा।'

इसलिए मिला सारांश जैन को डेब्यू का मौका

हालांकि कोटक ने बताया कि कुलदीप बीमारी से अच्छी तरह उबर रहे हैं। उनकी अनुपलब्धता और श्रीलंका की टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की मौजूदगी को देखते हुए टीम प्रबंधन ने ऑफ स्पिनर सारांश जैन को टेस्ट पदार्पण का मौका दिया। उन्होंने कहा,'वह काफी हद तक ठीक हो चुके हैं। आज शाम जब मैं उनसे मिला तो वह अच्छे दिख रहे थे और जाहिर तौर पर सुबह के मैच के लिए वह उपलब्ध नहीं थे। जब बात तीन तेज गेंदबाजों या तीन स्पिनरों के साथ उतरने की हो और श्रीलंका के शीर्ष क्रम में चार बाएं हाथ के बल्लेबाज हों तो शायद ऑफ स्पिनर को खिलाना सही फैसला लगता है।'

कल मैदान पर वापसी करेंगे ऋषभ पंत

ऋषभ पंत को तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा की गेंद से बांह पर चोट लगने के बाद सिर्फ तीन रन पर रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। कोटक ने कहा कि विकेटकीपर-बल्लेबाज दूसरे दिन मैदान पर लौटने के लिए अच्छी स्थिति में नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि वह कल खेलना जारी रखने के लिए ठीक रहेंगे।'

मौके का इंतजार कर रहे थे देवदत्त पडिक्कल

कोटक ने देवदत्त पडिक्कल की भी जमकर तारीफ की। शीर्ष क्रम के इस बल्लेबाज ने सीरीज में लगातार दूसरा शतक लगाया। उन्होंने 168 गेंदों पर 117 रन बनाए जिसकी बदौलत भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट पर 300 रन बना लिए थे। कोटक ने कहा,'उसने मिले मौके का भरपूर फायदा उठाया है। मेरे लिए उसका इरादा, उसका संयम और जिस गति से उसने बल्लेबाजी की, ये सभी चीजें बहुत महत्वपूर्ण हैं। उसका स्ट्राइक रेट भी बहुत अच्छा रहा। जिस तरह से उसने बल्लेबाजी की, वह हमारे लिए बहुत अच्छा है। वह पिछले डेढ़ या शायद दो साल से अपने मौके का इंतजार कर रहा था। जिस तरह उसने तैयारी की और इस मौके का पूरा फायदा उठाया, उससे मैं बहुत खुश हूं।'

क्या तीसरे नंबर पर पक्की हुई पडिक्कल की जगह?

पडिक्कल ने तीसरे नंबर की जगह पक्की करने संबंधित सवाल पर कोटक ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा,'नंबर तीन पर वह निश्चित रूप से अच्छी बल्लेबाजी कर रहा है और हो सकता है कि वह इसी नंबर पर आगे भी खेले। लेकिन मेरे लिए यह बात उतनी महत्वपूर्ण नहीं है कि नंबर तीन कौन है। उसने रन बनाए हैं और यही ज्यादा महत्वपूर्ण है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article