इलेक्शन

तेलंगाना में कांग्रेस को जिताने एक साथ उतरे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, रामप्पा मंदिर में पूजा कर जनता से मांगा समर्थन

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Oct 18, 2023, 09:55 PM IST

Telangana Assembly Election: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तेलंगाना में सत्तारूढ़ बीआरएस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां मुकाबला उनकी पार्टी और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की अगुवाई वाली पार्टी के बीच ही है।

Image

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पहुंचे तेलंगाना

Photo : Twitter

Telangana Assembly Election: कांग्रेस तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023 में पूरा जोर लगाती दिख रही है। कांग्रेस यहां तमाम दिग्गजों को चुनाव प्रचार के लिए उतार चुकी है। गांधी परिवार के तीनों सदस्य- सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी यहां कांग्रेस के लिए समर्थन मांग चुके हैं या मांग रहे हैं। इसी क्रम में राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ बुधवार को तेलंगाना पहुंचे और कई कार्यक्रमों में भाग लेकर जनता से कांग्रेस के लिए वोट करने की अपील की।

रामप्पा मंदिर में दर्शन

तेलंगाना के इस दौरे के दौरान राहुल गांधी अपनी बहन के साथ विश्व प्रसिद्ध रामप्पा मंदिर में भी पहुंचे। जहां उन्होंने पूजा अर्चना की और भगवान से आशीर्वाद लिया। यह मंदिर तेलंगाना के मुलुगु में स्थित है।

राहुल गांधी की बीजेपी-बीआरएस पर हमला

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तेलंगाना में सत्तारूढ़ बीआरएस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां मुकाबला उनकी पार्टी और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की अगुवाई वाली पार्टी के बीच ही है। अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ ऐतिहासिक रामप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा चाहती है कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) तेलंगाना चुनाव जीते। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा, बीआरएस तथा असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) कांग्रेस को हराने के लिए एक साथ मिलकर काम कर रही हैं।

प्रियंका गांधी का आरोप

वहीं प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि तेलंगाना में बीआरएस की सरकार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रिमोट कंट्रोल से चला रहे हैं। प्रियंका ने एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव का शासन प्रत्येक परिवार को नौकरी देने के अपने वादे को पूरा करने में विफल रहा और परिणामस्वरूप राज्य में 40 लाख से अधिक युवा बेरोजगार हो गए।

चुनाव प्रचार अभियान का आगाज

बता दें कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के साथ एक हेलीकॉप्टर से हैदराबाद से आज दोपहर मुलुगू पहुंचे। दोनों ने रामप्पा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना करने के बाद बस यात्रा 'विजयभेरी यात्रा' शुरू कर कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान का आगाज किया।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article