PM Modi Patna Road Show: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पटना में एक भव्य रोड शो किया। आरा और नवादा में चुनावी जनसभा को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी पटना की सड़कों पर नजर आए, जहां उनके साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तो नजर नहीं आए, लेकिन केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद जरूर मौजूद रहे।
पीएम मोदी ने अपने वाहन से शहर की सड़कों से गुजरते समय सड़क के दोनों ओर और इमारतों के ऊपर खड़े लोगों की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करने राज्य के दौरे पर आए मोदी की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। रोडशो नाला रोड, ठाकुरवाड़ी और बाकरगंज होते हुए गांधी मैदान के निकट उद्योग भवन के पास समाप्त हुआ।
प्रधानमंत्री ने रास्ते में मौजूद लोगों की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन किया। उनके हाथ में भाजपा के चुनाव चिह्न ‘कमल’ का निशान था। इस दौरान शहर की सड़कों को फूलों और भगवा झंडों से सजाया गया था। मोदी के वाहन के गुजरने के दौरान सड़क के दोनों ओर और इमारतों की छतों पर खड़े लोगों ने उनका स्वागत किया।
प्रधानमंत्री को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं, जो तस्वीर खींचते और वीडियो बनाते हुए दिखीं। वे प्रधानमंत्री के वाहन पर पुष्प वर्षा कर रही थीं। भाजपा की ओर से करीब तीन किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर कई छोटे मंच बनाए गए थे, जहां ‘सामा-चकेवा’ सहित पारंपरिक लोक नृत्यों का आयोजन किया गया। रोड शो नाला रोड, ठाकुरवाड़ी और बाकरगंज होते हुए गांधी मैदान के पास स्थित उद्योग भवन पर जाकर समाप्त हुआ।
प्रधानमंत्री ने इससे पहले भी पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान पटना में ऐसा ही एक रोड शो किया था, जबकि इस साल की शुरुआत में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भी उन्होंने एक रोड शो का नेतृत्व किया था। गौरतलब है कि पटना जिले की विधानसभा सीटों पर चुनाव के पहले चरण में 6 नवम्बर को मतदान होना है।
