इलेक्शन

Assembly Election 2026: न बंगाल में, न तमिलनाडु में- कहीं भी नहीं होगी रिपोलिंग

Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल के पहले चरण के लिए किसी भी बूथ पर रिपोलिंग नहीं होगी। तमिलनाडु में भी किसी भी बूथ पर पुनर्मतदान का आदेश नहीं दिया गया है।

Image

तमिलनाडु में अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए मतदाता (फोटो- @ECISVEEP)

Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मतदान बिलकुल सही हुआ है, किसी भी बूथ पर रिपोलिंग की घोषणा नहीं की गई है। चुनाव आयोग ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए किसी भी मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान की सिफारिश नहीं की गई है।

गुरुवार को हुआ था मतदान

दोनों राज्यों में गुरुवार को मतदान हुआ था। तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीट पर एक ही चरण में मतदान हुआ जबकि पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए पहले चरण में 152 सीट पर वोट डाले गए। पश्चिम बंगाल की शेष 142 सीट पर 29 अप्रैल को मतदान होगा। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने पहले नियमों का हवाला देते हुए कहा था कि अगर किसी मतदान केंद्र पर वेबकास्टिंग को ’’जानबूझकर’’ बाधित किया जाता है तो वहां पुनर्मतदान कराया जाएगा।

तमिलनाडु में 2021 में हुआ था पुनर्मतदान

तमिलनाडु में 2021 के विधानसभा चुनावों में चेन्नई के एक मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान का आदेश दिया गया था। उस समय खराब वोटर वेरीफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) मशीन को दोपहिया वाहन पर ले जाया गया था। उस क्षेत्र की ’जोनल पार्टी’ ने गलती से उसे इस्तेमाल नहीं की गई खराब मशीन समझ लिया था। यह निर्वाचन आयोग के आदेशों का उल्लंघन था।

तमिलनाडु में अभी तक फाइनल वोटिंग प्रतिशत नहीं

भारत निर्वाचन आयोग तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान मताधिकार का इस्तेमाल करने वाले मतदाताओं का सटीक आंकड़ा जारी करेगा। मतदान प्रतिशत के आंकड़ों में पुरुष, महिला और ट्रांसजेंडर मतदाताओं का अलग-अलग विवरण भी शामिल होगा। आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां कहा कि मतदान के दिन जारी 85.15 प्रतिशत मतदान का आंकड़ा अंतिम नहीं है और यह कुछ मतदान केंद्रों से प्राप्त आंकड़ों पर आधारित था। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पड़े वास्तविक मतों की संख्या प्रपत्र 17सी में औपचारिक रूप से दर्ज की जाती है जिसका मिलान भारत निर्वाचन आयोग के मुख्यालय में उपलब्ध आंकड़ों से किया जाएगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article