इलेक्शन

TN Election 2026 Updates: स्टालिन की रहेगी सत्ता या पलानीस्वामी की वापसी? तमिलनाडु की 234 सीटों पर 84.29 % वोटिंग

Tamil Nadu Assembly Election 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए आज सभी 234 सीटों पर मतदान खत्म हो गया है। पूरे दिन में 84.29 फीसदी मतदान हुआ है। बंपर वोटिंग के बाद एमके स्टालिन, ईपीएस और अभिनेता विजय की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है।

Image

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव आज

Photo : Times Now Digital

Tamil Nadu Assembly Election 2026 Live Updates: 23 अप्रैल 2026 को दक्षिण भारत के राजनीतिक गढ़ तमिलनाडु में लोकतंत्र (TN Election) का सबसे बड़ा उत्सव मनाया गया। राज्य की सभी 234 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ, जिसमें 5.73 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने वोट डाले। राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, 84.29 फीसदी मतदान हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि मतदान समापन के तय समय शाम छह बजे से पहले मतदान केंद्रों में मौजूद लोगों को मतदान करने की अनुमति दी गई।

तमिलनाडु चुनाव: आंकड़ों की जुबानी

तमिलनाडु की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) अर्चना पटनायक के अनुसार, राज्य इस विशाल लोकतांत्रिक पर्व के लिए पूरी तरह तैयार रहा। कुल मतदाताओं की संख्या 5.73 करोड़ है, जिनमें महिलाओं की संख्या 2.93 करोड़ है जो पुरुषों (2.80 करोड़) से अधिक है। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 7,728 है। इसके अलावा, पहली बार वोट डालने वाले 14.59 लाख युवा मतदाताओं ने इस चुनाव में अहम भूमिका निभाई और ये संभावित रूप से गेम-चेंजर साबित हो सकते हैं।

प्रमुख मुकाबले: स्टालिन Vs पलानीस्वामी Vs विजय

तमिलनाडु का चुनावी मैदान इस बार त्रिकोणीय और दिलचस्प मोड़ पर है।

डीएमके (DMK) गठबंधन: मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाला 'सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस' (इंडिया गठबंधन) सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में है। कांग्रेस भी इस गठबंधन का हिस्सा है।

एआईएडीएमके-बीजेपी (AIADMK-BJP): गठबंधन विपक्षी एनडीए गठबंधन के नेता एडप्पादी के. पलानीस्वामी 5 साल बाद सत्ता में वापसी के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं।

टीवीके (TVK): दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार विजय की नई पार्टी 'तमिलगा वेट्ट्री कझगम' पहली बार चुनावी मैदान में है, जिसने मुकाबले को और भी रोमांचक बना दिया है।

सुरक्षा का सख्त पहरा और अंतरराष्ट्रीय निगरानी

शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने तमिलनाडु को सुरक्षा के लिहाज से किले में तब्दील रहा। करीब 1.40 लाख पुलिसकर्मियों और 3.40 लाख सरकारी कर्मचारियों को तैनात किया गया है ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु और सुरक्षित रहे। दिलचस्प बात यह है कि 17 देशों के 34 विदेशी प्रतिनिधि (IEVP 2026) भी राज्य के दौरे पर हैं, जो मतदान की पारदर्शिता और प्रक्रिया का अवलोकन कर रहे हैं। यह व्यवस्था चुनाव आयोग की गंभीरता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है

पीएम मोदी की मतदाताओं से खास अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया (X) के जरिए तमिलनाडु के लोगों से भारी संख्या में मतदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से अपील की कि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करें और मतदान के नए रिकॉर्ड बनाएं।

84 फीसदी से अधिक वोटिंग हुई

तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को हुए मतदान में उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। चुनाव आयोग के अनुसार करीब 84.69 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और पहले चार घंटों में 37.56 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। इस दौरान लगभग दो करोड़ लोगों ने वोट डाले। तिरुप्पुर जिले ने 42.45 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे अधिक भागीदारी दर्ज की, जबकि चेन्नई में 35.47 प्रतिशत, मदुरै में 36.22 प्रतिशत, कोयंबटूर में 38.62 प्रतिशत और तिरुचिरापल्ली में 38.08 प्रतिशत मतदान हुआ। चेन्नई के कोलाथुर विधानसभा क्षेत्र, जहां मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन चुनाव लड़ रहे हैं, में 37.06 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, जबकि चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी में यह आंकड़ा 34.44 प्रतिशत रहा। उपमुख्यमंत्री और स्टालिन के पुत्र उदयनिधि भी इसी शहर से दूसरी बार चुनावी मैदान में हैं। इसी तरह एदप्पाडी क्षेत्र में 39.94 प्रतिशत मतदान हुआ, जहां एआईएडीएमके महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी अपने पारंपरिक क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। तिरुचिरापल्ली ईस्ट में, जहां तमिलगा वेत्रि कझगम प्रमुख विजय उम्मीदवार हैं, 37.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया

विजय ने की मतदान का समय बढ़ाने की मांग

टीवीके प्रमुख और तिरुचिरापल्ली ईस्ट तथा पेराम्बुर निर्वाचन क्षेत्रों से उम्मीदवार विजय ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर मतदान समय दो घंटे बढ़ाने की मांग की है। पत्र में उन्होंने कहा है, "मतदान समय दो घंटे बढ़ाया जाए: यात्रा में व्यवधान और लंबी कतारों के कारण बड़ी संख्या में मतदाता देर से पहुंच रहे हैं। ऐसे में सभी प्रभावित निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान का समय रात 8:00 बजे तक बढ़ाया जाना चाहिए।"

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article