इलेक्शन

Assam Election:असम में NDA को दो-तिहाई बहुमत, 126 सदस्यीय विधानसभा में 101 सीट पर मिली जीत

Assam Assembly Election 2026:असम में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के बाद लगातार तीसरी बार असम में सरकार बनाने के लिए तैयार है।

Image

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा

Assam Assembly Election 2026: असम में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के बाद लगातार तीसरी बार असम में सरकार बनाने के लिए तैयार है। राजग ने सोमवार को 126 सदस्यीय विधानसभा में 101 सीटों पर जीत दर्ज की।रात 8:30 बजे तक भाजपा ने 81 सीट पर जीत हासिल कर ली। उसके सहयोगी दलों बोडो पीपुल्स फ्रंट और असम गण परिषद को 10-10 सीट पर जीत मिली है। भाजपा एक सीट पर आगे चल रही थी।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस उम्मीदवार बिदिशा नियोग को 89,434 मतों से हराकर लगातार छठी बार जालुकबारी निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की।विपक्षी खेमे में कांग्रेस ने 15 सीट जीतीं और चार सीट पर आगे चल रही है, जबकि बदरुद्दीन अजमल के नेतृत्व वाले एआईयूडीएफ और अखिल गोगोई के नेतृत्व वाले रायजोर दल ने दो-दो सीट हासिल कीं। तृणमूल कांग्रेस को एक सीट पर जीत हासिल हुई।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई जोरहाट में अनुभवी नेता और मौजूदा भाजपा विधायक हितेंद्रनाथ गोस्वामी से 23,181 मतों के अंतर से हार गए। भाजपा के चुनाव जीतने वाले प्रमुख नेताओं में मंत्री अजंता नियोग (गोलाघाट), रानोज पेगु (धेमाजी), पीजूष हजारिका (जागीरोड), कौशिक राय (लखीपुर), प्रशांत फूकन (डिब्रूगढ़), कृष्णेंदु पॉल (पाथरकांडी) और बिमल बोरा (तिंगखोंग) शामिल हैं।

विधानसभा अध्यक्ष बिस्वजीत दैमारी ने यूपीपीएल के पूर्व बीटीसी प्रमुख प्रमोद बरो को हराकर तामुलपुर निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की।

रायजोर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई ने सिबसागर सीट बरकरार रखी, जबकि पार्टी के एक अन्य सदस्य महबूब मुख्तार ने ढिंग सीट जीती और तृणमूल कांग्रेस के शेरमन अली अहमद ने मंडिया से जीत हासिल की।

सभी 126 विधानसभा सीट पर नौ अप्रैल को एक ही चरण में मतदान हुआ था

चुनाव हारने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में निवर्तमान विधानसभा में विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया, असम जातीय परिषद के अध्यक्ष लुरिनज्योति सैकिया और पूर्व राज्यसभा सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रिपुन बोरा शामिल हैं। राज्य की सभी 126 विधानसभा सीट पर नौ अप्रैल को एक ही चरण में मतदान हुआ था।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article