MP Election: मध्य प्रदेश में चुनाव में अब बस कुछ ही दिन बचे हैं। भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे पर वार-पलटवार करके जनता का समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रही है। इसी बीच चुनाव से पहले चर्चा में रही इंडिया गठबंधन टूटती हुई दिख रही है। मध्य प्रदेश में इंडिया गठबंधन के तीन साथी, कांग्रेस, आप और सपा, अलग-अलग चुनाव लड़ रही है। इसी को लेकर अब मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान कांग्रेस पर हमला बोला है।
'बेमेल गठबंधन'
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के टिकट बंटवारे और इंडिया गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि घमंडिया गठबंधन की हालत यह हो चुकी है कि 'दिल्ली में दोस्ती, राज्यों में कुश्ती' का माहौल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस दिन इंडिया गठबंधन बना था, तब ही उन्होंने कह दिया था यह बेमेल गठबंधन है। घमंडिया गठबंधन में न लोगों के विचार एक हैं और न ही दिल एक हैं, केवल मोदी की लोकप्रियता से घबराकर ये बेमेल गठबंधन बना था, जो बनने से पहले ही टूट रहा है।
कमलनाथ को घेरा
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इंडिया गठबंधन ने मध्यप्रदेश में रैली तय की थी, कमलनाथ ने उन्हें घुसने से भी मना कर दिया। वह रैली कैंसिल करवा दी। शिवराज सिंह ने अखिलेश यादव के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि अखिलेश ने कहा है कि कांग्रेस ने उन्हें और समाजवादी पार्टी को एक साल तक धोखे में रखा, बातें करते रहे और बाद में धोखा दे दिया। अखिलेश यादव ने इनके लिए चिरकुट जैसे जिन शब्दों का प्रयोग किया है। इससे उनके मन की स्थिति समझी जा सकती है कि कांग्रेस ने कितना धोखा दिया है। शिवराज ने कहा कि कांग्रेस आपस में भी धोखा दे रही है। अब मध्यप्रदेश में ही देख लीजिए, कांग्रेस लड़ रही है, सपा लड़ रही है, आप भी बाहें चढ़ाकर सामने खड़ी हैस, ये काहे का गठबंधन है।
'बेटों को सेट करने का चक्कर'
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की टिकट वितरण की स्थिति को ही देख लीजिए। कुछ टिकट कमल नाथ ले गए, कुछ दिग्विजय ले गए, बाकी हाथ मलते रह गए। एक अपने पुत्र (नकुल नाथ) को स्थापित कर रहा है दूसरा अपने पुत्र (जयवर्धन सिंह) को स्थापित कर रहा है।
