इलेक्शन

लोकसभा चुनाव: राहुल गांधी रायबरेली से लड़ सकते हैं चुनाव, अमेठी से केएल शर्मा होंगे उम्मीदवार

Raebareli Amethi congress candidates: कांग्रेस पार्टी के सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी को अमेठी के बजाए रायबरेली से उतारने की तैयारी पूरी कर ली गई है। वहीं, अमेठी में गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा का नाम सबसे आगे चल रहा है। हालांकि, पार्टी की ओर से अब तक प्रत्याशियों को लेकर औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।

Image

रायबरेली से चुनाव लड़ सकते हैं राहुल गांधी

Photo : Twitter

Raebareli Amethi congress candidates: लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण के नामांकन की आज आखिरी तारीख है। इसके बावजूद कांग्रेस ने इस चरण की दो हाईप्रोफाइल सीटों रायबरेली और अमेठी में अब तक प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। माना जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी की ओर से आज (शुक्रवार) को प्रत्याशियों का ऐलान हो सकता है। सूत्रों की मानें तो राहुल गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ सकते हैं, तो वहीं गांधी परिवार के करीबी को अमेठी से मैदान में उतारा जा सकता है।

सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी को अमेठी के बजाए रायबरेली से उतारने की तैयारी पूरी कर ली गई है। वहीं, अमेठी में गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा का नाम सबसे आगे चल रहा है। हालांकि, कांग्रेस पार्टी की ओर से दोनों सीटों पर अब तक औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।

राहुल गांधी के साथ सोनिया रह सकती हैं मौजूद

सूत्रों ने कहा कि यदि राहुल गांधी को चुनाव मैदान में उतारा जाता है तो कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी भी शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के वक्त मौजूद रह सकती हैं। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी की नजदीकी रिश्तेदार एवं कांग्रेस की पूर्व नेता शीला कौल के पौत्र को वैकल्पिक उम्मीदवार के तौर पर तैयार रखा गया है। सूत्रों के अनुसार, गांधी परिवार के करीबियों ने राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा के लिए नामांकन पत्र पहले ही तैयार कर लिये हैं, हालांकि पार्टी ने अभी तक उम्मीदवारी पर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है। इस संबंध में पूछे जाने पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने केवल इतना कहा कि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि तीन मई दोपहर तीन बजे तक है।

अमेठी में लगे राहुल गांधी-अखिलेश यादव के पोस्टर

वहीं, शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले गुरुवार देर शाम अमेठी के गौरीगंज स्थित कांग्रेस कार्यालय में राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव के पोस्टर और बैनर भी लाए गए। अमेठी से भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी पहले ही अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुकी हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को दिनेश प्रताप सिंह को रायबरेली से अपना उम्मीदवार घोषित किया। 2019 के लोकसभा चुनाव में वह सोनिया गांधी से हार गए थे। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश की इन दोनों सीट पर नामांकन पत्र दाखिल करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article