इलेक्शन

Lok Sabha Election 2024: निर्दलीय सांसद सुमलता अंबरीश BJP में शामिल हुईं, चुनाव लड़ने को लेकर कही ये बात

Lok Sabha Election 2024: कर्नाटक के मांड्या से निर्दलीय सांसद सुमलता अंबरीश भाजपा में शामिल हो गईं। अभिनेत्री से नेता बनीं सुमलता ने बुधवार को कहा था कि वह आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी और भाजपा में शामिल होंगी।

Image

सांसद सुमलता अंबरीश ने थामा BJP का दामन

Photo : ANI

Lok Sabha Election 2024: कर्नाटक के मांड्या से निर्दलीय सांसद सुमलता अंबरीश शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं। भाजपा के वरिष्ठ नेता बी एस येदियुरप्पा, कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक, कर्नाटक में चुनाव प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव राधा मोहन दास अग्रवाल और पूर्व मुख्यमंत्री डी वी सदानंद गौड़ा उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने 60 वर्षीय सुमलता का यहां भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी में स्वागत किया। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कर्नाटक में हुए सीट-बंटवारे के समझौते के तहत, भाजपा राज्य की 28 लोकसभा सीट में से 25 पर और जद(एस) मांड्या सहित शेष तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मांड्या सीट से पूर्व मुख्यमंत्री एच. डी कुमारस्वामी मैदान में हैं।

अभिनेत्री से नेता बनीं सुमलता ने बुधवार को कहा था कि वह आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी और भाजपा में शामिल होंगी। लोकप्रिय फिल्म स्टार एम एच अंबरीश की पत्नी, सुमलता ने पहले मांड्या सीट से फिर से चुनाव लड़ने के लिए भाजपा के टिकट पर दावा किया था। इस सीट का प्रतिनिधित्व अतीत में उनके दिवंगत पति ने किया था। हालांकि पार्टी ने उन्हें मना लिया और यह सीट जद(एस) को दे दी। जद (एस) के प्रदेश अध्यक्ष एवं कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी अब मांड्या से गठबंधन के संयुक्त उम्मीदवार हैं। कुमारस्वामी ने रविवार को सुमलता से मुलाकात की और चुनाव में उनसे सहयोग मांगा।

सुमलता ने 2019 में एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भाजपा के समर्थन से तत्कालीन मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के बेटे, जद (एस) के निखिल कुमारस्वामी को 125876 मतों के अंतर से हराकर यह सीट जीती थी। पिछले लोकसभा चुनाव में जद (एस) का कांग्रेस के साथ गठबंधन था। सुमलता ने 2019 में तब राजनीति में प्रवेश किया और एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरीं, जब कांग्रेस ने उन्हें टिकट देने से इनकार कर दिया था।

सुमलता के दिवंगत पति भी कांग्रेस में थे। कांग्रेस ने पिछले लोकसभा चुनाव में मांड्या सीट अपने तत्कालीन गठबंधन सहयोगी जद (एस) को दी थी। तब दोनों दलों की कर्नाटक में गठबंधन सरकार थी और कुमारस्वामी मुख्यमंत्री थे। दिवंगत अंबरीश ने कर्नाटक और केंद्र में कांग्रेस सरकारों में सांसद, विधायक और मंत्री के रूप में कार्य किया था। वह पहले जनता दल का भी हिस्सा थे। वर्ष 2019 के चुनाव में, सुमलता को उनके पति की मृत्यु के बाद सहानुभूति मिली थी।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article