इलेक्शन

आंध्र प्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस-CPI में बनी सहमति, भाकपा लोकसभा की एक और विधानसभा की 8 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

Lok Sabha Election 2024: आगामी लोकसभा चुनावों के लिए आंध्र प्रदेश में कांग्रेस-सीपीआई के बीच सीट बंटवारे को लेकर बात बन गई है। भाकपा आंध्र प्रदेश की एक लोकसभा और आठ विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

Image

आंध्र प्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस-सीपीआई में बनी सहमति

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Lok Sabha Election 2024: विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के घटक दल कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के बीच आंध्र प्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर सहमति बन गयी है, जिसके तहत भाकपा लोकसभा की एक और विधानसभा की आठ सीट पर चुनाव लड़ेगी। आंध्र प्रदेश की 175 सदस्यीय विधानसभा और 25 लोकसभा सीट पर चुनाव 13 मई को होना है। बृहस्पतिवार को सीट बंटवारे पर बनी सहमति के अनुसार भाकपा गुंटूर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेगी और विजयवाड़ा पश्चिम, विशाखापत्तनम पश्चिम, अनंतपुर और पट्टीकोंडा सहित कुल आठ विधानसभा सीट पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। भाकपा के हिस्से में आई अन्य विधानसभा सीट में तिरुपति, राजमपेट, एलुरु और कमलापुरम शामिल हैं।

आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) ने बृहस्पतिवार रात को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कांग्रेस पार्टी, भाकपा को लोकसभा की एक और विधानसभा की आठ सीट देगी। भाकपा को गुंटूर लोकसभा सीट दी गयी है। एपीसीसी की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला रेड्डी ने आंध्र प्रदेश में आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस और भाकपा के बीच सीट बंटवारे पर भाकपा के सचिव रामकृष्ण के साथ कई दौर की वार्ता की। प्रेस विज्ञप्ति में भाकपा उम्मीदवारों के नाम का खुलासा नहीं किया गया। आंध्र प्रदेश में भाकपा, कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) गठबंधन के घटक दल हैं। आंध्र प्रदेश की 175 सदस्यीय विधानसभा और 25 लोकसभा सीट पर चुनाव 13 मई को होना है और मतगणना चार जून को होगी।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article