भारत के पूर्व टेनिस स्टार लिएंडर पेस मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गए। पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले बीजेपी ने पेस को पार्टी में शामिल कराकर टीएमसी को बड़ा झटका दे दिया है। पेस ने केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। लिएंडर पेस के पहले से ही बीजेपी में शामिल होने की अटकलें की थीं। उन्होंने कुछ समय पहले ही बीजेपी के बड़े नेताओं से मुलाकात की थी, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल थे।
क्या बोले लिएंडर पेस
लिएंडर पेस ने भाजपा ज्वाइन करने पर कहा- "यह मेरे जीवन का एक बड़ा दिन है। मैं पीएम मोदी, अमित शाह और नितिन नवीन का धन्यवाद करना चाहता हूं। यह मेरे लिए खेल और युवाओं की सेवा करने का एक बड़ा अवसर है। मैंने देश के लिए 40 साल खेला, अब समय है युवाओं की सेवा का। खेलो इंडिया मूवमेंट और TOPS योजना वास्तव में शानदार हैं। मुझे पता है कि किरेन रिजिजू ने टोक्यो ओलंपिक्स में हमारी टीम के प्रदर्शन के लिए कितनी मेहनत और जुनून से काम किया। उन्होंने पीएम द्वारा दी गई जिम्मेदारी पूरी की। आज भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। हमें अगले 20-25 साल में खेल शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए। 1986 में, पश्चिम बंगाल में खेलों की पर्याप्त इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं थी। आज भी देश में कोई इंडोर टेनिस कोर्ट नहीं है। बंगाल, तमिलनाडु, बिहार बेहतर कर सकते हैं, लेकिन हमें खेल शिक्षा में युवाओं को प्रेरित और सशक्त बनाने पर ध्यान देना चाहिए। मेरा सपना है कि भारत में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए समान अवसर स्कॉलरशिप कार्यक्रम लाऊं।"
टीएमसी के लिए बड़ा झटका
लिएंडर पेस कभी टीएमसी का हिस्सा था। गोवा में खुद 2021 में ममता बनर्जी ने लिएंडर पेस को टीएमसी की सदस्ता दिलाई थी। तब ममता बनर्जी ने पेस को छोटा भाई बताया था। वहीं पेस ने ममता बनर्जी को सच्ची चैंपियन बताया था। जिस गर्मजोशी से टीएमसी में पेस शामिल हुए थे, वो ज्यादा दिनों तक दिखी नहीं और पार्टी ने पेस को कोई बड़ी भूमिका नहीं दी, जिसके बाद पेस धीरे-धीरे टीएमसी से दूर होते गए। अब पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले बीजेपी में लिएंडर पेस का जाना, टीएमसी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। लिएंडर पेस का जन्म कोलकाता में हुआ है और उनकी मां कोलकाता से ही थीं। पिता गोवा से थे। पेस का इन दोनों ही राज्यों से गहरा नाता रहा है।
