इलेक्शन

'निजी अहंकार त्यागकर बिहार में NDA की जीत करें सुनिश्चित', BJP नेताओं से JP नड्डा को क्यों करनी पड़ी यह अपील

Bihar Elections 2025: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपनी पार्टी के नेताओं से अपील की कि वे व्यक्तिगत अहंकार को त्याग कर राजग की जीत को सर्वोपरि रखें। इस दौरान, उन्होंने राजद का मतलब भी बताया। उन्होंने कहा कि ‘रा’ का मतलब ‘रंगदारी’, ‘ज’ का मतलब ‘जंगलराज’ और ‘द’ का मतलब ‘दादागिरी’ है।

Image

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (फोटो साभार: @BJP4Bihar)

Photo : Twitter

Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव तैयारियों की संगठनात्मक समीक्षा करने पटना पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपनी पार्टी के नेताओं से अपील की कि वे व्यक्तिगत अहंकार को त्याग कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की जीत को सर्वोपरि रखें।

राजकीय अतिथिशाला में नड्डा ने बिहार भाजपा के शीर्ष नेताओं, नीतीश सरकार में भाजपा कोटे के मंत्रियों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, विधानसभावार सम्मेलन आदि बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने सामाजिक पकड़ मजबूत बनाने के साथ ही राजग के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने पर बल दिया।

बैठक में कौन-कौन हुए शामिल

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बी एल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री द्वय सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा, पूर्व भाजपा अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय चुनाव समिति एवं कोर ग्रुप के सचिव प्रेम रंजन पटेल तथा अन्य वरिष्ठ नेता सम्मिलित हुए।

नड्डा ने बताया RJD का मतलब

नड्डा ने विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का नया नामाकरण किया। उन्होंने राजद का मतलब समझते हुए कहा कि ‘रा’ का मतलब ‘रंगदारी’, ‘ज’ का मतलब ‘जंगलराज’ और ‘द’ का मतलब ‘दादागिरी’ है। उन्होंने कहा कि आज मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के लोग विकास देख रहे हैं।

क्या कुछ बोले जेपी नड्डा

केंदीय मंत्री ने कहा कि 2005 से पहले बिहार की स्थिति क्या थी और आज क्या है। 2005 से पहले तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और सत्ता समर्थित अपराध की राजनीति थी। आज राजग सरकार के नेतृत्व में बिहार विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम आज 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ गए हैं तथा इस तरह अत्यधिक गरीबी में 80 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि मोदी ने 14 करोड़ से अधिक घरों में नल के माध्यम से पानी और चार करोड़ से अधिक गरीब लोगों को आवास प्रदान किया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article