इलेक्शन

कांग्रेस का 'माओवादी' घोषणापत्र लागू हुआ तो भारत दिवालिया हो जाएगा: प्रधानमंत्री मोदी

  • Agency by: Agency
  • Updated May 17, 2024, 11:41 PM IST

महाराष्ट्र में 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए मुंबई के शिवाजी पार्क में शिवसेना-भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में अपनी अंतिम रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस पर उसके चुनाव घोषणापत्र को लेकर जमकर हमला बोला।

Image

मुंबई में आयोजित पीएम मोदी की जनसभा

Photo : Twitter

मुंबई में एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषणापत्र को "माओवादी" दस्तावेज बताया और कहा कि अगर इसे लागू किया गया तो देश की आर्थिक वृद्धि रुक जाएगी तथा यह भारत को दिवालियापन की ओर ले जाएगा। मोदी ने दावा किया कि अगर कांग्रेस केंद्र में सत्ता में आई तो वह मंदिरों से सोना और महिलाओं के 'मंगलसूत्र' छीन लेगी तथा 50 प्रतिशत विरासत कर भी लगाएगी।

कांग्रेस अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही- पीएम मोदी

महाराष्ट्र में 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए मुंबई के शिवाजी पार्क में शिवसेना-भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में अपनी अंतिम रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस पर उसके चुनाव घोषणापत्र को लेकर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा- "कांग्रेस अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है और (खुद को बचाने के लिए) किसी भी हद तक जा सकती है। इसके माओवादी घोषणापत्र की नजर मंदिरों के सोने और महिलाओं के 'मंगलसूत्र' पर है। माओवादी घोषणापत्र आर्थिक विकास पर रोक लगाएगा और देश को दिवालियापन की ओर ले जाएगा।"

कांग्रेस पर हमला

मोदी ने आगे कहा- "यह (कांग्रेस) 50 प्रतिशत विरासत कर की भी योजना बना रही है... पार्टी आपकी संपत्ति का एक्स-रे करने और इसे ‘वोट जिहाद’ की बात करने वाले अपने वोट-बैंक को सौंपने की योजना बना रही है।"

मोदी ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां

मोदी ने कहा कि उनके पास अपनी सरकार का दस साल का रिपोर्ट कार्ड और 25 साल का आगे का रोडमैप है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण और जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा प्रदान करने वाले अनुच्छेद 370 को हटाना देश में असंभव कार्य माना जाता था, लेकिन अब वे वास्तविकता बन गए हैं। उन्होंने मुंबई के लोगों से कहा कि जब वे 20 मई को वोट देने जाएं तो अतीत में महानगर को दहला देने वाले आतंकी हमलों और सिलसिलेवार बम विस्फोटों तथा 2014 के बाद स्थिति में आए बदलाव को याद रखें। मोदी ने कहा, "पिछले दस वर्षों से मुंबईकर सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।"

End of Article