Smriti Irani Exclusive: अमेठी लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने टाइम्स नाउ नवभारत से बात करते हुए एक पुरानी चुनावी लड़ाई की सच्चाई बता दी। स्मृति ईरानी ने दावा किया कि राजीव गांधी बनाम मेनका गांधी की चुनावी लड़ाई में धांधली करके कांग्रेस ने चुनाव जीता था।
बूथ लुटती है कांग्रेस- स्मृति ईरानी
टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार से बात करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस देश तो लूटी ही है, ये लोग बूथ भी लुटते हैं। स्मृति ईरानी ने सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के एक इंटरव्यू का जिक्र करते हुए कहा- "मुलायम सिंह यादव का 2014 के चुनाव के बाद एक इंटरव्यू है कि सोनिया जी ने फोन किया, हमने एक लाख वोट ट्रांसफर कर दिया। ये बताइए एक लाख वोट ट्रांसफर कैसे होता है? सोनिया जी को कैसे पता था एक लाख वोट ट्रांसफर होता है?... वोट बैंक कैसे ट्रांसफर हो जाएगा पूरा? एक रात पहले एक लाख लोग। टेबल पर क्या किए थे?
राजीव गांधी को लेकर बड़ा दावा
इसी दौरान स्मृति ईरानी ने राजीव गांधी और मेनका गांधी की चुनावी लड़ाई को लेकर धांधली का दावा कर दिया। स्मृति ईरानी ने कहा- "आप मेनका गांधी के चुनाव की असलियत सुनना चाहती हैं? बूथ कैप्चर करके, ठप्पा मारके, ऊपर का पेपर राजीव गांधी के नाम का, नीचे का पेपर राजीव गांधी के नाम का, बाकी सारे वोट मेनका गांधी के थे, उठाकर कह दिए ये सारे वोट राजीव गांधी के हैं।"
