Bihar Elections 2025: केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के संस्थापक जीतन राम मांझी ने रविवार को एक बार फिर से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की टेंशन बढ़ा दी है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में राजग के तहत 20 सीटों पर चुनाव लड़ने की अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि अगर राजग उनकी पार्टी को पर्याप्त सीटें नहीं देता है तो हमारे लिए 'करो या मरो' की स्थिति होगी।
जीतन राम मांझी ने क्या कुछ कहा?
मांझी ने कहा कि उनकी पार्टी ने कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं किया है, लेकिन विधानसभा में मान्यता प्राप्त करने के लिए उन्हें पर्याप्त सीटें चाहिए। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मांझी ने कहा, "हमने अभी तक ऐसा कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं किया है, लेकिन यह सच है कि हमारे लिए करो या मरो की स्थिति है... हम राजग से पर्याप्त सीटें आवंटित करने का अनुरोध करेंगे ताकि हमारी पार्टी को विधानसभा में मान्यता मिल सके।"
मांझी ने दोहराई 20 सीटों वाली मांग
3 सितंबर को जीतन राम मांझी ने बिहार चुनावों को लेकर राजग से 20 सीटों की मांग की थी। मांझी ने एएनआई को बताया, "आम जनता और हमारे कार्यकर्ताओं की मांग है कि हमें ऐसी सीटें चाहिए, जो हमारी गरिमा बचाएं। अगर राजग के दिल में हमारे लिए सहानुभूति है और वह हमारी पार्टी को मान्यता दें तो उन्हें बिहार विधानसभा चुनाव में हमें कम से कम 20 सीटें देनी चाहिए।"
बिहार विधानसभा चुनाव अक्टूबर या नवंबर में हो सकता है। हालांकि, चुनाव आयोग (ECI) ने अभी तक तारीखों का ऐलान नहीं किया है। भाजपा, जद(यू) और लोजपा से मिलकर बना राजग बिहार में अपना कार्यकाल जारी रखना चाहता है, जबकि राजद, कांग्रेस और वामदलों से मिलकर बना इंडिया ब्लॉक नीतीश कुमार को सत्ता से हटाने की जुगत में लगा है।
किसके पास कितनी हैं सीटें
243 सदस्यों वाली वर्तमान बिहार विधानसभा में राजग के 131 विधायक हैं, जिनमें भाजपा के 80, जद(यू) के 45, हम(एस) के 4 और 2 निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन शामिल है। वहीं, विपक्ष के इंडिया ब्लॉक में 111 सदस्य हैं, जिनमें राजद के 77, कांग्रेस के 19, भाकपा (माले) के 11, माकपा के 2 और भाकपा के 2 विधायक हैं।
