Chhattisgarh Election Chunav Exit Poll Result 2023: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 पर Times Now का एग्जिट पोल आ गया है। टाइम्स नाउ के सर्वे के मुताबिक छत्तीसगढ़ में एक बार फिर भूपेश बघेल की सरकार बनने जा रही है। बघेल एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे। कांग्रेस के लिए यह अच्छी खबर है। भारतीय जनता पार्टी को हराकर कांग्रेस एक बार फिर सत्ता में वापसी करती दिख रही है। टाइम्स नाउ-ईटीजी के सर्वे में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि ये अभी अनुमान हैं। चुनाव के वास्तविक नतीजे तीन दिसंबर को आएंगे।
छत्तीसगढ़ में भाजपा को 32-40 सीटें मिल सकती हैं। जबकि कांग्रेस के खाते में 48-56 सीटें जा सकती हैं। भाजपा को 42.2 प्रतिशत और कांग्रेस को 46.7 फीसदी वोट मिला है। टाइम्स नाउ-ईटीजी के सर्वे में 12,316 लोग शामिल हुए। सर्वे के अनुमान में 3 प्रतिशत की वृद्धि एवं कमी हो सकती है। छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने के लिए 46 सीटों की जरूरत होती है।
| रीजन | भाजपा | कांग्रेस | अन्य |
| सरगुजा रीजन (14) | 4-6 | 7-10 | 0 |
| सेंट्रल रीजन (64) | 26-30 | 34-36 | 2-4 |
| बस्तर रीजन (12) | 2-4 | 7-10 | 0 |
| कुल | 32-40 | 48-56 | 2-4 |
कांग्रेस 48-56 सीटें जीत सकती है
सरगुजा रीजन में भाजपा को 4 से 6 सीटें, सेंट्रल रीजन में 26 से 30 सीटें और बस्तर रीजन में दो से चार सीटें मिलती दिख रही हैं। इस तरह से भाजपा को यहां 32 से 40 सीटें मिल सकती हैं। सरगुजा रीजन में कांग्रेस को सात से 10 सीटें, सेंट्रल रीजन में 34 से 36 सीटें, बस्तर रीजन में 7 से 10 सीटें मिल सकती हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस 48-56 सीटें जीत सकती है। निर्दलीय 2-4 सीटें जीत सकते हैं। भाजपा को 42.4 फीसदी और कांग्रेस को 46.7 प्रतिशत वोट मिला है। अन्य के खाते में 10.9 फीसदी वोट शेयर गया है।
भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला
छत्तसीगढ़ में मुख्य चुनावी मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है। चुनाव प्रचार में दोनों ही दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। बघेल सरकार को अपने विकास कार्यों पर भरोसा था तो वहीं भाजपा ने राज्य में हुए घोटालों, भ्रष्टाचार एवं बेरोजगारी को मुद्दा बनाया। पिछले विधानसभा चुनाव में भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस ने यहां प्रचंड जीत दर्ज की। इस चुनाव में कांग्रेस को 68 सीटों पर जीत मिली जबकि भाजपा मात्र 15 सीटों पर सिमट कर रह गई। इस चुनाव में भाजपा को भारी नुकसान हुआ।
2018 में ज्यादातर एग्जिट पोल ने भाजपा को जिताया
2018 के विधानसभा चुनाव में ज्यादातर एग्जिट पोल गलत साबित हुए। ज्यादातर एग्जिट पोल ने बीजेपी को सत्ता में आने का अनुमान जताया। हालांकि, आज तक-एक्सिस माय इंडिया ने कांग्रेस को 55-65 सीटें और भाजपा को 21 से 31 सीटें मिलने का अनुमान जताया था। आज तक-एक्सिस माय इंडिया का एग्जिट पोल चुनाव नतीजे के ज्यादा करीब था। न्यूज नेशन के सर्वे में भी कांग्रेस को 40 से 44 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की गई।
