अमेरिका ने ब्रिटेन के RAF फेयरफोर्ड एयरबेस से अपने सभी बॉम्बर विमान वापस अमेरिका बुला लिए हैं। इस एयरबेस का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में किया जा रहा था। यह कदम एयरबेस को निशाना बनाकर कथित आतंकी हमले की साजिश की जांच के बाद उठाया गया है।
पेंटागन के एक अधिकारी के मुताबिक, एयरबेस पर तैनात अमेरिकी बमवर्षकों को वापस अमेरिका में उनके घरेलू ठिकानों पर भेज दिया गया है। अधिकारी ने संवेदनशील सैन्य गतिविधियों के कारण पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर जानकारी दी। एविएशन पर नजर रखने वाले संगठनों ने हाल के दिनों में RAF फेयरफोर्ड से कई अमेरिकी B-52 और B-1 बमवर्षकों की गतिविधियां देखी थीं। रविवार को भी कई B-1 बमवर्षक इस एयरबेस से उड़ान भरते देखे गए।
