Ankit Baliyan Murder Case: शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश के बाद मामले में वांछित तीन आरोपियों के घरों पर कुर्की की कार्रवाई की। इनमें राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया, आर्यन संधू और सत्यम कादयान के नाम शामिल हैं। तीनों आरोपी हत्याकांड के बाद से फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी है।
गैर-जमानती वारंट जारी किए जा चुके पहले ही
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले ही गैर-जमानती वारंट जारी किए जा चुके थे। इसके बावजूद आरोपी न्यायालय के समक्ष पेश नहीं हुए। पुलिस की ओर से उनकी फरारी को लेकर उद्घोषणा की कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन इसके बाद भी तीनों अदालत में हाजिर नहीं हुए। इसके बाद न्यायालय के निर्देश पर उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के घरों पर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई की
CJM कैराना की ओर से 3 अक्टूबर को जारी आदेश के बाद 4 अक्टूबर को पुलिस ने तीनों आरोपियों के घरों पर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई की। इस दौरान घरों में मौजूद कई सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। कुर्क की गई संपत्ति में बेड, एसी, टीवी, वॉशिंग मशीन और जिम का सामान समेत अन्य घरेलू सामान शामिल बताया गया है।
26 अगस्त को हुई थी अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या
बता दें कि 26 अगस्त को हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद से ही पुलिस हत्याकांड से जुड़े आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। संपत्ति कुर्क करने की यह कार्रवाई आरोपियों पर कानूनी शिकंजा कसने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
