इलेक्शन

Bihar Assembly Election, VIP उम्मीदवार : तारापुर में पिता की विरासत को आगे ले जाएंगे सम्राट चौधरी या हो जाएगा खेला?

Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की कई प्रमुख सीटों में से एक तारापुर सीट भी है। यहां से राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी चुनाव मैदान में हैं। इस बार वह अपनी सीट छोड़कर अपने पिता की पारंपरिक सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। अब देखना होगा कि वह पिता की विरासत को कैसे आगे लेकर जाते हैं।

Image

तारापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सम्राट चौधरी

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में कई बड़े-बड़े दिग्गज अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पहले चरण के प्रचार का आज यानी मंगलवार 4 नवंबर को अंतिम दिन है और सभी प्रत्याशियों व पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पहले चरण में एक महत्वपूर्ण या यूं कहें कि VIP सीट तारापुर भी है तो यह गलत बात नहीं होगी। क्योंकि यहां से बिहार के उपमुख्यमंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता सम्राट चौधरी स्वयं चुनाव लड़ रहे हैं और आज इस सीट का फैसला होना है। मुंगेर जिले की इस सीट पर आज वोटिंग हो रही है जिसके नतीजे 14 नवंबर को जारी किए जाएंगे।

तारापुर विधानसभा सीट

तारापुर विधानसभा क्षेत्र बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों में से 164 नंबर की सीट है। मुंगेर जिले की तारापुर जनरल सीट, जमुई लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। तारापुर में शकुनी चौधरी का बड़ा प्रभाव रहा है। उन्होंने 6 बार यहां से जीत दर्ज की। उनकी पत्नी पार्वती देवी भी एक बार यहां से चुनाव जीत चुकी हैं। शकुनी चौधरी ने कई बार पार्टियां बदलीं। वह निर्दलीय, कांग्रेस, समता पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार के तौर पर यहां से जीतने में सफल रहे। बिहार में राबड़ी देवी की सरकार में वह मंत्री भी रहे। बाद के दिनों में वह जेडीयू में शामिल हुए और फिर हम पार्टी में चले गए। 2015 में उन्हें यहां से हार का सामना करना पड़ा और फिर 2019 में उन्होंने राजनीति को अलविदा कह दिया। फिलहाल उनके बेटे सम्राट चौधरी यहां से भाजपा के उम्मीदवार हैं। सम्राट चौधरी बिहार परबत्ता सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं और फिलहाल वह बिहार के उपमुख्यमंत्री भी हैं। आज 6 नवंबर को पहले फेज में होने वाली वोटिंग की सूची में इस सीट का भी नाम है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक मुंगेर में आज दोपहर 11 बजे तक 26.68 फीसद वोटिंग हो चुकी है। तारापुर विधानसभा सीट के लिए भी बिहार की सभी अन्य सीटों के साथ 14 नवंबर को ही मतगणना होगी।

तारापुर विधानसभा सीट पर कौन-कौन प्रमुख उम्मीदवार हैं?

  • भाजपा - सम्राट चौधरी
  • RJD - अरुण कुमार
  • जन सुराज पार्टी - संतोष कुमार सिंह
  • जनशक्ति जनता दल - सुखदेव यादव
  • बीएसपी - आशीष आनंद

सम्राट चौधरी के बारे में

सम्राट चौधरी अभी बिहार के उपमुख्यमंत्री हैं और तारापुर से भाजपा उम्मीदवार हैं। लेकिन उनकी अपनी पारंपरिक सीट परबत्ता है। यहां से उन्होंने साल 2000 में राष्ट्रीय जनता दल की टिकट पर जीत दर्ज की थी। 2010 में भी सम्राट चौधरी ने आरजेडी की टिकट पर ही परबत्ता सीट जीती थी। बाद में वह जेडीयू में शामिल हो गए और 2014 में उन्होंने शहरी विकास और आवास मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली। फिर वह भाजपा में शामिल हो गए और 2018 में उन्हें बिहार प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष बनाया गया। 2021 में वह पंचायती राज मंत्री रहे। अभी वह विधान परिषद के सदस्य हैं।

तारापुर सीट पर पिछले चुनाव का हाल

बात विधानसभा चुनाव 2020 की करें तो यहां से जेडीयू उम्मीदवार मेवालाल चौधरी ने 7 हजार से ज्यादा मतों से जीत दर्ज की थी। उन्होंने आरजेडी उम्मीदवार दिव्या प्रकाश को हराया था। विधायक मेवालाल चौधरी के निधन के बाद 2021 में यहां पर उपचुनाव कराए गए। इस बार भी यह सीट जेडीयू की झोली में ही गई। जेडीयू उम्मीदवार राजीव कुमार सिंह ने आरजेडी उम्मीदवार अरुण कुमार को 3800 से अधिक वोटों से हराकर जीत दर्ज की। 2015 के विधानसभा चुनाव में जेडीयू प्रत्याशी मेवालाल चौधरी ने इस सीट पर HAM(S) के शकुनी चौधरी को लगभग 12 हजार वोटों से मात दी थी।

तारापुर के पास से उलई और गड़खे नदियां बहती हैं और यहां से 34 किमी दूर सुल्तानगंज में गंगा नदी बहती है। सावन के महीने में हजारों श्रद्धालु सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा वैद्यनाथ मंदिर देवघर की तरफ 100 किमी लंबी यात्रा नंगे पाव करते हैं। यह यात्रा तारापुर से होकर ही गुजरती है। इस दौरान तारापुर में धार्मिक उल्लास और मेलों का माहौल रहता है।

तारापुर सीट पर किस पार्टी का दबदबा

तारापुर अपने जिला मुख्यालय मुंगेर से 41 किमी, भागलपुर से 50 और राजधानी पटना से 177 किमी दूर है। मुख्यत: यह क्षेत्र कृषि प्रधान है और कृषि ही आजीविका का प्रमुख साधन है। हालांकि, अब यह क्षेत्र व्यापार और शिक्षा का केंद्र भी बनता जा रहा है। इस विधानसभा क्षेत्र का गठन बिहार के पहले विधानसभा चुनाव से पहले 1951में हुआ था। तब से यहां पर अब तक 19 बार चुनाव और दो बार उपचुनाव भी हो चुके हैं। तारापुर सीट पर अब तक पांच बार कांग्रेस, 6 बार जेडीयू (2 बार समता दल की जीत भी शामिल), तीन बार आरजेडी ने जीत दर्ज की है। अन्य पार्टियों को भी यहां पर जीत मिल चुकी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article