Bihar Assembly election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। दो चरणों में होने वाले इस चुनाव में कई दिग्गज अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। बड़े-बड़े नेता चुनावी मैदान में हैं और इन दिनों प्रचार भी जोर-शोर से हो रहा है। इन्हीं दिग्गजों में से एक बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा भी हैं। विजय कुमार सिन्हा असेंबली सीट नंबर 168 यानी लखीसराय से चुनावी मैदान में हैं। जिसका फैसला आज हो रहा है। जिन 121 विधानसभा सीटों पर वोटिंग चल रही है, उनमें एक लखीसराय भी है।
लखीसराय विधानसभा सीट
बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं। विधानसभा सीट नंबर 168 यानी लखीसराय से वरिष्ठ भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा चुनावी मैदान में हैं। यही कारण है कि यह सीट VIP सीटों की लिस्ट में है। यह एक सामान्य सीट है। यहां पर ओबीसी, ईबीसी, अपर कास्ट और मुस्लिमों की मिश्रित आबादी है। यह विधानसभा क्षेत्र मुख्यत: कृषि प्रधान है और कुछ छोटे बिजनेस के साथ ही यहां पर सरकारी नौकरी और कम संख्या में औद्योगिक गतिविधियां भी देखने को मिलती हैं। आज 6 नवंबर को लखीसराय सीट पर वोटिंग हो रही है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक 11 बजे तक 30.32 फीसद मतदान हो चुका है। इस सीट के नतीजे बाकी सीटों की ही तरह 14 नवंबर को मतगणना के बाद आएंगे।
लखीसराय विधानसभा सीट से कौन-कौन प्रमुख उम्मीदवार हैं?
- भाजपा - उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा
- कांग्रेस - अमरेश कुमार
- जन सुराज पार्टी - सुरज कुमार
- जनशक्ति जनता दल - सुखदेव यादव
विजय कुमार सिन्हा का चुनावी हलफनामा
5 जून 1967 को जन्मे विजय कुमार सिन्हा ने विधानसभा चुनाव 2025 से पहले अपने नामांकन के साथ जो हलफनामा जमा किया है, उसके अनुसार उन पर कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। उनकी कुल पारिवारिक संपत्ति 11 करोड़, 62 लाख रुपये से अधिक की हैं और देनदारियां 1 करोड़, 21 लाख से ज्यादा की हैं। उन्होंने अपने आय के साधनों के रूप में मंत्री के तौर पर उनकी तनख्वाह और अलाउंसेज, कृषि, किराया और बैंक ब्याज को दर्शाया है। जबकि उनकी पत्नी की आय से स्रोत बिजनेस, कंपनी से सैलरी के साथ ही बैंक ब्याज और किराया भी हैं।
लखीसराय सीट का डेमोग्राफिक प्रोफाइल
पिछले विधानसभा चुनाव यानी 2020 के आंकड़ों के अनुसार लखीसराय में कुल 3 लाख 68 हजार से ज्यादा वोटर्स थे। इनमें से 1 लाख, 96 हजार से ज्यादा पुरुष और 1 लाख 71 हजार से अधिक महिला मतदाता थे।
पिछले चुनावों का कैसा रहा रिजल्ट
विधानसभा चुनाव 2020 में लखीसराय से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने 38.2 फीसद वोट हासिल करके जीत दर्ज की। उन्होंने 32.8 फीसद वोट हासिल करने वाले कांग्रेस प्रत्याशी अमन राज को हराया। 2015 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार सिन्हा ने इस सीट पर कुल 40.79 फीसद वोट हासिल करके जीत दर्ज की थी। तब उन्होंने 37.27 फीसद वोट हासिल करने वाले जनता दल यूनाइटेड के रामानंद मंडल को हराया था। 2010 के चुनाव में भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने 54 फीसद वोट हासिल कर लखीसराय से जीत दर्ज की थी। तब उन्होंने 13 फीसद वोट हासिल करने वाले RJD प्रत्याशी फुलैना सिंह को पटखनी दी थी।
जीत का चौका लगाएंगे विजय कुमार सिन्हा?
बता दें कि लखीसराय शहर, इसी नाम के जिले का जिला मुख्यालय है। इस जिले को साल 1994 में मुंगेर जिले से काटकर बनाया गया था। लखीसराय विधानसभा क्षेत्र साल 1977 से अस्तित्व में है और यह मुंगेर लोकसभा क्षेत्र की 6 विधानसभा सीटों में से एक है। साल 1977 में अस्तित्व में आने के बाद से अब तक लखीसराय विधानसभा सीट पर कुल 11 बार चुनाव हो चुके हैं। भाजपा को यहां 5 बार जीत मिली है, जबकि जनता पार्टी और जनता दल के उम्मीदवार दो-दो बार यहां से विजयी रहे हैं और एक बार 1980 में कांग्रेस को यहां से जीत मिली है। साल 2005 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भाजपा के विजय रथ को रोककर यहां जीत दर्ज की थी। साल 2010, 2015 और 2020 में लगातार तीन बार इस सीट से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा को जीत मिली और इस बार वह जीत का चौका लगाने के इरादे से चुनावी मैदान में हैं।
