Bengal Election Result 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में नतीजों की घड़ी आ गई है। वोटों की गिनती से ठीक पहले भवानीपुर सहित कई केंद्रों पर टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल रही है।
टीएमसी कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर पक्षपात का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें मतगणना केंद्र के भीतर पेन और फाइलें ले जाने से रोका जा रहा है, जबकि बीजेपी के एजेंटों को इन चीजों की अनुमति दी जा रही है। खुद को 'ममता बनर्जी का सिपाही' बताते हुए उन्होंने मांग की है कि चुनावी प्रक्रिया के नियम सभी के लिए समान होने चाहिए।
टीएमसी कार्यकर्ता का कहना है, "हमें फाइलें या कलम अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है, लेकिन भाजपा के चुनाव एजेंटों को अंदर ले जाने की अनुमति है। नियम सबके लिए समान होने चाहिए। हम ममता बनर्जी के लोग हैं। इससे बड़ी कोई पहचान नहीं है।"
बीजेपी के एजेंट ने क्या कहा?
दूसरी ओर, बीजेपी के काउंटिंग एजेंटों ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए टीएमसी पर बिना पहचान पत्र के हंगामा करने का पलटवार किया है। बीजेपी का दावा है कि उनके सभी कार्यकर्ता वैध आईडी कार्ड के साथ नियमों का पालन कर रहे हैं, जबकि टीएमसी के लोग केवल माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
जीत के प्रति आश्वस्त बीजेपी प्रतिनिधियों का कहना है कि वे न केवल भवानीपुर, बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं। इस राजनीतिक गहमागहमी के बीच सुरक्षा बलों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।
विधानसभा की 294 सीटों के लिए दो चरणों 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को चुनाव हुआ। हालांकि, एक सीट फाल्टा (Falta seat) पर 21 मई को पुनर्मतदान होगा। इसलिए अब चार मई को चुनाव नतीजे 293 सीटो को आएंगे। बंगाल में इस बार मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच है। भाजपा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने जमकर चुनाव प्रचार किया है। राज्य में सबसे हॉट सीट (Hot Seat) भवानीपुर (Bhawanipur) है।
