शहर

Mad Sandhu की हत्या पर गरमाई राजनीति, BJP-कांग्रेस ने भगवंत मान को घेरा, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

अमृतसर में LGBTQ एक्टिविस्ट और इन्फ्लुएंसर मैड संधू की दिनदहाड़े हत्या के बाद पंजाब में राजनीति गरमा गई है। BJP और कांग्रेस ने AAP सरकार पर तीखा हमला बोला है।

Image

विपक्ष ने AAP सरकार को घेरा

अमृतसर में LGBTQ+ एक्टिविस्ट, मेकअप आर्टिस्ट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू उर्फ मधुसूदन की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या के बाद पंजाब की राजनीति में भूचाल आ गया है। इस वारदात को लेकर विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान नीत आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त होने का आरोप लगाया है। शनिवार शाम अमृतसर के लोहारका रोड स्थित एक कार वॉश सेंटर के बाहर बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने मैड संधू पर अंधाधुंध गोलियां चला दी थीं। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गई।

"पंजाब को माफियाओं के हवाले कर दिया": बीजेपी

हत्याकांड पर गहरा शोक जताते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर मान सरकार को आड़े हाथों लिया। तरुण चुग ने लिखा कि "अमृतसर में दिनदहाड़े मैड संधू की गोली मारकर हत्या बेहद दुखद और हृदयविदारक है। इस घटना ने 'आप' सरकार की पोल फिर से खोल दी है और यह साबित कर दिया है कि पंजाब को अपराधियों एवं माफियाओं के हवाले कर दिया गया है। जहां पंजाब का युवा सुरक्षित नहीं है और पूरे राज्य में डर व दहशत का माहौल है। हमारे खुशहाल पंजाब को भगवंत मान ने अपनी सियासी विफलता से 'क्राइम कैपिटल' बना दिया है।"

वहीं, दिल्ली बीजेपी नेता व मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने भी पंजाब पुलिस और राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। सिरसा ने कहा, "पंजाब में कानून-व्यवस्था की बागडोर माफिया के हाथों में है। आए दिन ड्रग डीलर, गैंगस्टर और माफिया लोगों की जान ले रहे हैं। AAP के शासन में पंजाब में रंगदारी मांगने वाले गैंग और ड्रग माफिया बेखौफ घूम रहे हैं।

"सरकार सो रही है और लोग खौफ में जी रहे हैं": कांग्रेस

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज कुमार वेरका ने भी राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार विज्ञापनों और बड़े-बड़े होर्डिंग्स के जरिए 'ईमानदार सरकार' का ढिंढोरा पीट रही है, जबकि हकीकत में पंजाब में खौफ का साया है। वेरका ने कहा कि राज्य में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और कानून-व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान या आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के मुंह से एक शब्द नहीं निकल रहा है।

कौन थे मैड संधू?

इन्फ्लुएंसर मैड संधू (2.26 लाख से अधिक इंस्टाग्राम फॉलोअर्स) पंजाब में अपने बेबाक अंदाज, जेंडर-फ्लुइड फैशनेबल स्टाइल और मेकअप आर्टिस्ट्री के लिए जाने जाते थे। वे पंजाबी फिल्म 'ओए भोले ओए' में भी नजर आ चुके थे। वे डिजिटल प्लेटफॉर्म और पॉडकास्ट पर अक्सर जेंडर इश्यूज पर बात करते थे, जिसके चलते उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार नफरत और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजहों की जांच शुरू कर दी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article