बिजनेस

शादी के सीजन से पहले होटल बिजनेस में बंपर उछाल, 2027 के लिए भी एडवांस बुकिंग जारी

Wedding Season Hotel Bookings: शादी के सीजन से पहले होटल इंडस्ट्री में बंपर मांग है। नवंबर और फरवरी के लिए बुकिंग लगभग फुल हो चुकी है, जबकि कई जगह 2027 तक की एडवांस बुकिंग जारी है।

Image

शादी-ब्याज के सीजन से पहले होटल कारोबार में उछाल, अगले साल के लिए भी हो रही है बुकिंग

Photo : iStock

Wedding Season Hotel Bookings : सर्दियों का मौसम दस्तक देने ही वाला है और इसी के साथ देश में शादियों का सीजन भी शुरू होने जा रहा है। इस बार शादी-ब्याह के सीजन को लेकर होटल इंडस्ट्री में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। देश के मशहूर होटलों और रिजॉर्ट्स में कई महीने पहले से ही शादियों के लिए कमरे और बैंक्वेट हॉल बुक हो चुके हैं। नवंबर और फरवरी जैसे प्रमुख महीनों के लिए तो होटलों में बुकिंग लगभग फुल हो चुकी है। होटल कारोबारियों के मुताबिक, इस साल शादी से जुड़े बिजनेस में 10 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई है।

2027 तक के लिए मिल रही हैं पूछताछ और बुकिंग

शादी के आयोजन को लेकर लोगों में इस कदर क्रेज है कि बुकिंग सिर्फ इस साल या अगले साल तक ही सीमित नहीं है। न्यूज एजेंंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक मैरियट इंटरनेशनल के 'नूर महल दिल्ली एनसीआर' (करनाल) के कार्यकारी निदेशक रूप प्रताप चौधरी ने बताया कि उनके होटल में विवाह कारोबार में पिछले साल की तुलना में करीब 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। खास बात यह है कि लोग 2027 के लिए भी अभी से बुकिंग करा रहे हैं और नवंबर 2027 तक की तारीखों के लिए लगातार पूछताछ आ रही है।

एडवांस बुकिंग और पर्सनल टच का नया ट्रेंड

होटल कारोबार में एक बड़ा बदलाव यह आया है कि अब परिवार शादी की तारीख और वेन्यू (स्थान) आखिरी वक्त के बजाय काफी पहले से तय कर रहे हैं। इससे होटल मालिकों को आने वाले सालों के कारोबार की योजना बनाने में आसानी हो रही है। इसके अलावा, अब लोग केवल एक दिन का कार्यक्रम करने के बजाय 2-3 दिनों तक चलने वाले भव्य और अपनी पसंद के हिसाब से व्यक्तिगत (पर्सनलाइज्ड) आयोजनों को ज्यादा तरजीह दे रहे हैं। नूर महल जैसे बड़े होटलों की कुल कमाई का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा केवल शादी-ब्याह के आयोजनों से ही आता है।

दिल्ली-एनसीआर के बड़े रिजॉर्ट्स लगभग फुल

यह बढ़त सिर्फ किसी एक शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे दिल्ली-एनसीआर में यही माहौल है। 'रोजिएट होटल्स एंड रिजॉर्ट्स' के सीईओ कुश कपूर के अनुसार, दिल्ली स्थित उनके रिजॉर्ट्स में इस बार सर्दियों के वेडिंग सीजन के लिए बहुत भारी मांग है। उन्होंने बताया कि उनके यहां नवंबर का पूरा महीना लगभग बुक हो चुका है और फरवरी की भी ज्यादातर तारीखें पहले से आरक्षित हैं।

होटल इंडस्ट्री के लिए क्यों खास है वेडिंग सीजन?

हिंदू कैलेंडर के अनुसार सर्दियों में विवाह के शुभ मुहूर्त होने के कारण इस दौरान होटल, बैंक्वेट हॉल, कैटरिंग और डेकोरेशन जैसी सेवाओं की मांग एकदम से बढ़ जाती है। शादी का सीजन होटल सेक्टर के लिए सबसे ज्यादा कमाई कराने वाला समय होता है। जब कोई परिवार होटल में शादी का आयोजन करता है, तो उससे सिर्फ कमरे ही नहीं बुक होते, बल्कि खान-पान, बैंक्वेट हॉल और इवेंट मैनेजमेंट जैसी कई अन्य सेवाओं से भी होटल इंडस्ट्री को बड़ा फायदा होता है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article